menu-icon
India Daily

4 साल में 3.5 लाख से 65 लाख सैलरी! सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मेहनत ने बदल दी जिंदगी, जानें कैसे किया ये कमाल

एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने सिर्फ चार साल में 3.5 लाख रुपये की सैलरी को 65 लाख तक पहुंचाया. कंपनी बदलकर और स्किल्स पर मेहनत करके परिवार का कर्ज चुकाया और माता-पिता को खुश किया. सोशल मीडिया पर उनकी कहानी वायरल हो गई है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
4 साल में 3.5 लाख से 65 लाख सैलरी! सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मेहनत ने बदल दी जिंदगी, जानें कैसे किया ये कमाल
Courtesy: GROK

सोशल मीडिया पर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की प्रेरणादायक कहानी तेजी से फैल रही है. निचले मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले इस युवा ने 2021 में 3.5 लाख रुपये सालाना की नौकरी से शुरुआत की थी. आज चार साल बाद उनकी सैलरी 65 लाख रुपये पहुंच गई है. परिवार पर कर्ज का बोझ था, जो अब पूरी तरह खत्म हो चुका है. इस सफलता ने न सिर्फ उनके माता-पिता को खुशी दी, बल्कि लाखों युवाओं को प्रेरित भी किया है. रेडिट पर शेयर की गई यह पोस्ट अब 'पीक मोटिवेशन' बन चुकी है.

शुरुआत और मुश्किलें

2021 में कॉग्निजेंट में मास रिक्रूटमेंट के जरिए नौकरी मिली. शुरुआती महीनों में सिर्फ 26 हजार रुपये टेक-होम मिलते थे. पहले कुछ समय तो काम कम और फिल्में-अनिमे ज्यादा देखते रहे. लेकिन कर्ज और ब्याज का दबाव बढ़ा तो सोचा कि आईटी में ही आगे बढ़ना है. गणित और लॉजिक में अच्छे होने का फायदा उठाया और बड़ा लक्ष्य बनाया सारा कर्ज चुकाना और आर्थिक रूप से मजबूत होना.

मेहनत और सैलरी बढ़ोतरी

2023 में 45 प्रतिशत और 2024 में 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी मिली. मिड-2024 में नई कंपनी में 19 लाख पर जॉइन किया. इसके बाद लगातार तैयारी की कोई वीकेंड नहीं, कोई बाहर घूमना नहीं. कई इंटरव्यू में फेल भी हुए, लेकिन हार नहीं मानी. मेहनत रंग लाई और सर्विसनाउ, पेपाल, सिस्को जैसी कंपनियों से ऑफर आए. आखिरकार टॉप प्रोडक्ट कंपनी से 65 लाख का पैकेज मिला.

3.5 LPA to 65 LPA in 4 years : my journey
by u/No-Librarian-617 in TeluguJournals

परिवार की खुशी और आभार

यह सफलता सिर्फ पैसे की नहीं, बल्कि परिवार की शांति की है. कर्ज चुकने से माता-पिता के चेहरे पर मुस्कान लौट आई. अब वे वो चीजें खरीद सकते हैं जो पहले सपने में भी नहीं सोचते थे. पोस्ट में लिखा- 'लोग मुझे कॉर्पोरेट स्लेव कहें या कुछ भी, मुझे फर्क नहीं पड़ता. माता-पिता खुश हैं, यही सबसे बड़ी जीत है. कम्युनिटी का भी शुक्रिया जिन्होंने मदद की. 

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं

पोस्ट वायरल होने पर लोग इसे 'पीक मोटिवेशन' कह रहे हैं. कई ने तैयारी का प्लान पूछा, टेक स्टैक मांगा और आगे गाइड करने की अपील की. कुछ ने बधाई देते हुए सावधानी भी बताई कि इतनी कमाई के साथ अनचाहा ध्यान भी आ सकता है. दूसरों ने कहा कि इतनी मेहनत और लगन देखकर डर भी लगता है, लेकिन प्रेरणा ज्यादा मिल रही है.