Viral Video: चीन के नाननिंग शहर में एक हाल ही में स्थापित सीवेज पाइप के फटने से राहगीरों और गाड़ियों पर गंदगी की बौछार हो गई. घटना तब हुई जब पाइप का नियमित प्रेशर टेस्ट किया जा रहा था. इस दौरान सीवेज पाइप फट गया और 33 फीट की ऊंचाई तक मल-मूत्र का फव्वारा आसमान में उछला.
डैशकैम में रिकॉर्ड हुआ वीडियो
इस चौंकाने वाली घटना का वीडियो एक डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया, जिसमें दिखा कि किस तरह नारंगी रंग की गंदगी पाइप से तेजी से बाहर निकलकर पास खड़ी गाड़ियों और सड़क पर चल रहे लोगों पर गिर रही थी.
Septic tank pipeline exploded in Nanning, Guangxi pic.twitter.com/F576sjFDyS
— @ (@anthraxxx781) September 24, 2024
धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि एक कार की विंडशील्ड को नुकसान होते-होते बचा. आसपास के मोटरसाइकिल सवार और पैदल यात्री भी इस गंदगी से बच नहीं सके और उन्हें इस बदबूदार स्थिति का सामना करना पड़ा. राहत की बात यह है कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
प्रेशर टेस्ट के दौरान हुआ हादसा
घटना उस समय घटी जब एक्सपर्ट इंजीनियर नए सीवेज पाइप का प्रेशर टेस्ट कर रहे थे, जो कि चीन में नई पाइपलाइनों की मजबूती जांचने के लिए एक आम प्रक्रिया है. हालांकि, इस बार परीक्षण का नतीजा अप्रत्याशित और विस्फोटक रहा.
प्रशासन ने कही ये बात
नाननिंग म्युनिसिपल इमरजेंसी मैनेजमेंट ब्यूरो ने बताया कि सीवेज का फटना सेप्टिक टैंक लाइन में आई दरार के कारण हुआ था. शुरू में यह अफवाह फैली थी कि पाइप सड़क निर्माण के दौरान गलती से क्षतिग्रस्त हुआ था, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह घटना इंजीनियरों द्वारा किए जा रहे प्रेशर टेस्ट के दौरान हुई.