उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में मोची राम चैत की जिंदगी में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अच्छे दिन ला दिए हैं. दरअसल उन्होंने रामचैत को जूते सिलने वाली मशीन भिजवाई है. इसकी जानकारी कांग्रेस से सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए दी है. राहुल गांधी ने मोची राम चैत के लिए बीते शनिवार को एक सिलाई मशीन और आर्थिक मदद भेजी. लखनऊ से कांग्रेस पार्टी की टीम उनकी दुकान पर पहुंची. उन्हें सिलाई मशीन गिफ्ट दिया. इस उपहार को पाने के बाद राम चैत ने टीम का धन्यवाद जताया और राहुल के लिए अपने हाथों से बनी दो जोड़ी जूते भी भेजवा दिए.
बता दें कि 26 जुलाई को गृहमंत्री अमित शाह मानहानि केस में सुल्तानपुर कोर्ट पहुंचे थे. कोर्ट से निकलने के बाद एयरपोर्ट जाने के दौरान वह एक मोची की दुकान पर रुके थे. राहुल गांधी ने इस दौरान रामचैत से बातचीत की थी और उनका हालचाल भी जाना था.
इस दौरान राहुल गांधी ने रामचैत से चप्पल बनाने का पूरा प्रोसेस पूछा. करीब 5 मिनट तक मोची राम से बातचीत के बाद राहुल वहां से निकल गए थे. हालांकि इस बीच राहुल गांधी ने राम चैत से उनकी मदद करने का वादा किया था. जिसे कल यानी शनिवार को पूरा कर दिया.
मीडिया से बातचीत में मोची राम चैत ने बताया, 'हमें बहुत खुशी है कि उन्होंने जो वादा किया, वो पूरा कर दिया, बहुत जल्दी हमें गिफ्ट भिजवा दी. ये बहुत बड़ा काम किया है. कल वो अचानक मेरी दुकान के सामने खड़ा हो गया. हमारे पास आकर बैठ गए, हमें दुकान के बारे में पूछने लगा, जूतों की जानकारी लेने लगे. इस दौरान उन्होंने जो वादा किया उसे जल्दी ही पूरा कर दिया. अब इस सिलाई मशीन से काम जल्दी होगा. पहले सुबह से दोपहर तक एक जोड़ी जूता तैयार होता था, अब हम 10 जोड़ी बनाएंगे'