menu-icon
India Daily

बाबू, अब क्या करें? पुल पर फोटोशूट करा रहे कपल के सामने आई ट्रेन, दोनों 90 फीट खाई में कूदे

Pali Viral Video: लापरवाही की भी हद होती है. राजस्थान के पाली में रेलवे ब्रिज पर एक कपल फोटोशूट कर रहा था. कपल ब्रिज के बीच में था. इसी दौरान एक तरफ से तेज रफ्तार में ट्रेन आ गई. ट्रेन के आने के बाद जब कपल को बचने का रास्ता नहीं दिखा, तो दोनों ने 90 फीट गहरी खाई में छलांग लगा दी. कपल गंभीर रूप से घायल हुआ है.

India Daily Live
बाबू, अब क्या करें? पुल पर फोटोशूट करा रहे कपल के सामने आई ट्रेन, दोनों 90 फीट खाई में कूदे
Courtesy: वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनशॉट.

Pali Viral Video: पाली में लापरवाही का अनोखा मामला सामने आया है. एक कपल फोटोशूट कराने के लिए एक रेलवे ब्रिज पर पहुंच गया. इस दौरान उनके साथ घूमने गए दोस्त पुल के किनारे खड़े होकर वीडियो बना रहे थे. जब कपल रेलवे ब्रिज के बीच में जाकर फोटोशूट कर रहा था, तभी एक तरफ से तेज रफ्तार में ट्रेन आ गई. ट्रेन को देख कपल को कुछ नहीं सूझा और उन्होंने नीचे खाई में छलांग लगा दी. 90 फीट गहरी खाई में छलांग लगाने वाला कपल गंभीर रूप से घायल हुआ है. कपल को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन के लोको पायलट ने दूर से ही कपल को देख लिया था. कपल के खाई में कूदते ही लोको पायलट ने ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया था. कपल के साथ मौजूद दोस्तों ने कहा कि अगर वे नहीं कूदते तो शायद उनकी जान बच जाती. फिलहाल, घायल पति को जोधपुर रेफर किया गया है, जबकि पत्नी का इलाज बांगड़ अस्पताल में जारी है.

गोरमघाट रेलवे ब्रिज की है घटना

घटना पाली के गोरमघाट रेलवे ब्रिज की है. घटना के दौरान कपल के रिश्तेदार ब्रिज के एक तरफ खड़े होकर वीडियो बना रहे थे. घायल कपल की पहचान 22 साल के राहुल मेवाड़ा और 20 साल की जाहन्वी के रूप में हुई है. राहुल के पीठ में जबकि जाहन्वी के पैरों में गंभीर चोटें आईं हैं. कहा जा रहा है कि राहुल यहां अपनी पत्नी के साथ अपने रिश्तेदारों के घर घूमने आया था. 

खाई से निकाला, फिर उसी ट्रेन से लाए फुलाद स्टेशन

रिपोर्ट के मुताबिक, कपल के खाई में कूदने और ट्रेन के रूकने के बाद रिश्तेदारों ने राहुल और जाहन्वी को खाई से निकाला और उसी ट्रेन से फुलाद रेलवे स्टेशन लेकर आए. इसके बाद घायलों को सोजत सिटी हॉस्पिटल लाया गया. यहां से राहुल को जोधपुर रेफर किया गया, जबकि जाहन्वी को पाली के ही बांगड़ हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया.