सुबह की शुरुआत में गुजरात के वलसाड जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए. सरदार हाईट्स (गुजरात हाउसिंग बोर्ड संकुल) की साबरमती बिल्डिंग में रहने वाले वत्सलभाई पंचाल लिफ्ट से बाहर निकल रहे थे कि अचानक लिफ्ट ऊपर की ओर तेज रफ्तार से चल पड़ी.
सीसीटीवी फुटेज में पूरा हादसा कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वत्सलभाई का शरीर बाहर की ओर फेंका गया और वे जमीन पर गिर पड़े. कुछ सेकंड का फासला था, वरना वे लिफ्ट और दीवार के बीच फंसकर बुरी तरह कुचले जाते. इस घटना ने ऊंची इमारतों में लिफ्ट की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि वत्सलभाई लिफ्ट के दरवाजे से बाहर निकल रहे थे. उनका एक पैर जमीन पर रखते ही वे पूरी तरह बाहर आने वाले थे. ठीक उसी पल लिफ्ट बिना किसी चेतावनी के तेजी से ऊपर चढ़ गई. इससे उनका शरीर बाहर की ओर उछला और वे जोर से फर्श पर गिर पड़े. वीडियो देखकर लगता है कि मौत से सिर्फ पल भर का फासला था.
हादसे में वत्सलभाई को गंभीर आंतरिक चोटें आई हैं. अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों का कहना है कि इतनी तेज गति से शरीर फेंका जाना बहुत खतरनाक था, लेकिन किसी तरह उनकी जान बच गई. परिवार वाले और पड़ोसी इस घटना से सदमे में हैं. वत्सलभाई खुद भी अब ठीक होने की प्रक्रिया में हैं और घटना को याद कर सिहर जाते हैं.
यहां देखें वीडियो
🚨This disturbing video from Valsad is not just an accident 🚨
— The Nalanda Index (@Nalanda_index) March 3, 2026
it’s a clear warning. Neglected lifts in many old housing societies across Gujarat are operating like death traps. Rusted cables, faulty systems, zero maintenance and residents are forced to risk their lives every… pic.twitter.com/aoRY9rp4s0
यह घटना लिफ्ट के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़ी करती है. बिल्डिंग में लिफ्ट की नियमित जांच नहीं होने की शिकायतें पहले भी आ चुकी हैं. हादसे के बाद सोसाइटी के लोग और स्थानीय प्रशासन जांच में जुट गए हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि सेंसर और ब्रेक सिस्टम में खराबी के कारण ऐसी घटनाएं होती हैं.
हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. लोग वीडियो देखकर सिहर उठ रहे हैं और अपनी इमारतों की लिफ्ट की जांच कराने की बात कर रहे हैं. कई यूजर्स ने लिखा है कि 'बाल-बाल बची जान, भगवान का शुक्र है'. इस घटना ने आम लोगों में लिफ्ट इस्तेमाल को लेकर डर पैदा कर दिया है.