रांची: झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल प्रखंड स्थित सोहबरिया गांव के एक सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा के छात्रों के लिए आयोजित विदाई समारोह विवादों के घेरे में आ गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में छात्राएं अश्लील गानों पर डांस करती दिख रही हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस दौरान स्कूल के जिम्मेदार शिक्षक और हेडमास्टर भी वहां मौजूद थे.
सोहबरिया के इस स्कूल में एक मार्च को छात्रों की विदाई के लिए कार्यक्रम रखा गया था. लेकिन विदाई की यह बेला संस्कारों के बजाय अश्लीलता की भेंट चढ़ गई. समारोह में डीजे की धुन पर 'लहरिया लूट ए राजा' जैसे फूहड़ गाने बजाए गए. वायरल वीडियो में छात्राएं इन गानों पर थिरकती नजर आ रही हैं. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि छात्राओं को जानबूझकर इन गानों पर नाचने के लिए उकसाया गया था. इस घटना ने स्कूल की गरिमा को ठेस पहुंचाई है.
गढ़वा जिले मेराल सोहबरिया सरकारी स्कूल में डांस का वीडियो वायरल हो रहा है,शिक्षक छड़ी लेकर अश्लील गाने पर नचाते रहे बच्चियों को।
करवाई की उम्मीद है। @HemantSorenJMM @prdjharkhand @dc_garhwa @JMMKalpanaSoren @deepakbiruajmm @sohansingh05 pic.twitter.com/lAFe8ykfeF— Shashank Shekhar (@Shashan92920145) March 3, 2026Also Read
वायरल क्लिप में केवल छात्राएं ही नहीं बल्कि स्कूल के हेडमास्टर भी उनके साथ डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं. हद तो तब हो गई जब एक शिक्षक हाथ में छड़ी लिए मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करते नजर आए. वहीं. एक अन्य शिक्षक द्वारा छात्राओं को गोद में उठाने का दृश्य भी सामने आया है. गुरु-शिष्य की परंपरा को शर्मसार करने वाली इन तस्वीरों ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है. शिक्षकों की ऐसी भूमिका ने अभिभावकों को चिंतित कर दिया है.
इस घटना से जुड़े लगभग आधा दर्जन वीडियो क्लिप इंटरनेट पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं. जैसे ही ये वीडियो सार्वजनिक हुए. लोगों ने शिक्षा विभाग और स्कूल प्रशासन की कड़ी आलोचना शुरू कर दी. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि जहां बच्चों को नैतिकता सिखाई जानी चाहिए. वहां इस तरह का माहौल बच्चों के भविष्य के लिए घातक है. लोग अब वीडियो को आधार बनाकर दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
मामला चर्चा में आने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) ने इस पर तत्काल संज्ञान लिया है. उन्होंने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच करने के आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं. अधिकारी का कहना है कि यह मामला बेहद गंभीर है और स्कूल की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों और हेडमास्टर पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की पड़ताल जारी है.