menu-icon
India Daily

कार के बोनट में छिपा था विशाल अजगर, खोलते ही मचा हड़कंप; रेस्क्यू टीम ने बचाया

मुंबई के दहिसर इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक कार के बोनट के अंदर विशाल अजगर छिपा मिला.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
कार के बोनट में छिपा था विशाल अजगर, खोलते ही मचा हड़कंप; रेस्क्यू टीम ने बचाया
Courtesy: India Daily

दहिसर: मुंबई के दहिसर इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक कार के बोनट के अंदर विशाल अजगर छिपा मिला. कार दहिसर वेस्ट के कंदरपाड़ा इलाके में एक बिल्डिंग की पार्किंग में खड़ी थी. जब कार का बोनट खोला गया तो अंदर अजगर को देखकर लोगों के होश उड़ गए. तुरंत इसकी जानकारी स्नेक रेस्क्यू टीम को दी गई.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार शाम बापू बागवे रोड स्थित महेश्वर बिल्डिंग के पास हुई. कार पार्किंग में खड़ी थी. इसी दौरान जब कार का बोनट खोला गया तो इंजन के आसपास एक बड़ा अजगर नजर आया. अजगर को देखते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने बिना किसी जोखिम के तुरंत विशेषज्ञों को बुलाने का फैसला किया. इसके बाद स्नेक रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और अजगर को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

इंजन को जकड़कर बैठा था अजगर:

रेस्क्यू टीम के लिए अजगर को कार से बाहर निकालना आसान नहीं था. विशाल अजगर कार के इंजन के आसपास इस तरह से लिपटा हुआ था कि उसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. रेस्क्यू के दौरान अजगर ने टीम के एक सदस्य के हाथ को भी जकड़ लिया. इसके बावजूद टीम ने सावधानी से उसे कार से बाहर निकाला. बाद में अजगर को सुरक्षित तरीके से एक बैग में रखा गया.

विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की कि ऐसी स्थिति में खुद सांप को पकड़ने या उसे बाहर निकालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. इससे इंसान और सांप दोनों को नुकसान पहुंच सकता है.

जांच में पूरी तरह स्वस्थ मिला अजगर:

अजगर को रेस्क्यू करने के बाद उसकी स्वास्थ्य जांच की गई. जांच में वह स्वस्थ पाया गया. इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से संजय गांधी नेशनल पार्क में छोड़ दिया गया. हालांकि, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा जरूर शुरू हो गई कि इतना बड़ा अजगर कार के बोनट और इंजन के अंदर कैसे पहुंचा. माना जा रहा है कि कार का इंजन वाला हिस्सा उसे छिपने के लिए सुरक्षित और गर्म जगह लगा होगा.

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल:

इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में विशाल अजगर को कार के इंजन के बीच फंसा हुआ देखा जा सकता है. रेस्क्यू टीम उसे सावधानी से बाहर निकालती नजर आ रही है.