menu-icon
India Daily

भारत आए अमेरिकी बॉडी बिल्डर ने डाकिए की लाइफ कर दी सेट, थार दिलवाई; अब देंगे 50,000 डॉलर

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के एक डाकिया योगेंद्र सिंह कुशवाहा की किस्मत सोशल मीडिया ने चमका दी है. अमेरिकी फिटनेस स्टार एस्टर्न हाल खुद उनसे मिलने भारत आए और उन्हें थार गाड़ी तोहफे में दी.

KanhaiyaaZee
भारत आए अमेरिकी बॉडी बिल्डर ने डाकिए की लाइफ कर दी सेट, थार दिलवाई; अब देंगे 50,000 डॉलर
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: इंटरनेट की दुनिया में कब किसकी किस्मत बदल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता. ऐसा ही एक वाकया मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की जौरा तहसील के छोटे से गांव पोहियन का पुरा में देखने को मिला है. कभी सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स के निशाने पर रहने वाले 23 वर्षीय ग्रामीण डाक सेवक योगेंद्र सिंह कुशवाहा की जिंदगी रातों-रात बदल गई है. जिस युवक को लोग इंटरनेट पर 'सस्ता एस्टर्न हाल' कहकर चिढ़ाते थे, आज खुद अमेरिका के मशहूर बॉडी बिल्डर एस्टर्न हाल सात समंदर पार कर उससे मिलने उसके गांव पहुंच गए हैं.

योगेंद्र सिंह कुशवाहा ने अगस्त 2023 में भारतीय डाक विभाग में बतौर ग्रामीण डाक सेवक अपनी पहली सरकारी नौकरी की शुरुआत की थी. कैलारस में पोस्टिंग के दौरान उन्हें महज 15 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता था. इसी सीमित आमदनी में से पैसे बचाकर उन्होंने जिम जाना शुरू किया और अपनी सेहत पर ध्यान दिया. योगेंद्र अपने वर्कआउट के वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा करते थे. कुछ समय पहले उन्होंने अमेरिकी फिटनेस इन्फ्लुएंसर एस्टर्न हाल को फॉलो करना शुरू किया और उनकी आइस बाथ और रनिंग जैसी जीवनशैली की हूबहू नकल करने लगे.

ट्रोलिंग से शुरू हुआ चमत्कारी सफर

जब योगेंद्र ने एस्टर्न हाल के स्टाइल की कॉपी करते हुए रील बनानी शुरू की, तो लोगों ने कमेंट बॉक्स में उनका खूब मजाक उड़ाया. उन्हें 'नापतोल वाला एस्टर्न हाल' कहा जाने लगा. लेकिन कहानी में मोड़ तब आया जब खुद असली एस्टर्न हाल ने उनके वीडियो पर कमेंट कर एक चुनौती दे दी. एस्टर्न ने लिखा कि अगर इस वीडियो पर 5 लाख लाइक्स और कमेंट्स आए, तो वे खुद भारत आकर योगेंद्र से मिलेंगे. भारतीय यूजर्स ने इस टास्क को पलक झपकते ही पूरा कर दिया.

अमेरिकी स्टार का देसी अंदाज

अपने वादे के पक्के एस्टर्न हाल इसी महीने अमेरिका से सीधे दिल्ली होते हुए योगेंद्र के सुदूर गांव पहुंचे. वे कई घंटों तक गांव में रहे, जहां उन्होंने योगेंद्र के किसान माता-पिता और ग्रामीणों से बेहद सादगी के साथ मुलाकात की. इस दौरान अमेरिकी एथलीट 'खेलो इंडिया' और 'आई लव यू इंडिया' के नारे लगाते हुए भी दिखे. इसके बाद वे योगेंद्र को अपने साथ लेकर देश के विभिन्न शहरों जैसे लखनऊ, गोंडा और अयोध्या के सांस्कृतिक दौरे पर निकल गए.

एस्टर्न ने गिफ्ट की थार

वर्तमान में दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में ठहरे योगेंद्र ने बताया कि एस्टर्न ने उनके लिए एक 'थार रॉक्स' जीप बुक की है, जिसकी डिलीवरी जल्द होने वाली है. इतना ही नहीं, एस्टर्न ने सोशल मीडिया पर एक और बड़ा वादा किया है. उन्होंने कहा है कि यदि उनके वीडियो पर 20 मिलियन लाइक्स का आंकड़ा पार होता है, तो वे योगेंद्र को 50 हजार डॉलर (करीब 41 लाख रुपये) की नकद आर्थिक मदद देंगे और उन्हें अमेरिका का गोल्डन वीजा दिलाने में भी मदद करेंगे.

इंस्टाग्राम पर 7 लाख के पार पहुंची फॉलोवर्स की संख्या

इस मुलाकात के बाद योगेंद्र के सोशल मीडिया हैंडल्स पर प्रशंसकों की भारी बाढ़ आ गई है. कुछ महीने पहले तक जिस योगेंद्र के इंस्टाग्राम पर महज 200 से 300 फॉलोअर्स हुआ करते थे, आज उनकी संख्या बढ़कर 7 लाख के पार पहुंच चुकी है. वहीं एस्टर्न हाल के फॉलोअर्स का आंकड़ा भी बढ़कर 18.3 मिलियन हो गया है. एक साधारण किसान परिवार का बेटा आज इंटरनेट की बदौलत 'भारतीय एस्टर्न हाल' के रूप में विश्व विख्यात हो चुका है.