मध्य प्रदेश के आदिवासी बाहुल इलाके मंडला में 11 लोगों के घरों पर बुलडोजर चला है. उनके घरों को ध्वस्त कर दिया गया है. जिन लोगों के घरों पर एक्शन हुआ है, उन पर आरोप है कि वे गो तस्करी करते थे और मांस का व्यापार करते थे. उन लोगों के घरों के फ्रिज में गोमांस मिला है, इस वजह से एक्शन लिया गया है.
मंडला के एसपी रजत सकलेचा का दावा है कि नैनपुर के भैनवाही इलाके में गायों को काटने के लिए बांधकर रखा गया है. पुलिस सीटम जब वहां पहुंची तो 150 से ज्यादा गाय वहां बंधी नजर आईं. सभी आरोपियों के घरों में रेफ्रिजरेटर से गाय का मांस भी बरामद किया गया है. उनके आसपास चर्बी, मवेशियों की खाल और हड्डियां मिली हैं. ये सभी कमरे में भरी हुई हैं.
पुलिस की टीम ने गोमांस के होने की पुष्टी भी की है. पुलिस ने डीएनए एनालिसिस के लिए सैंपल भेजे हैं. दावा है कि ये सभी गोमांस ही है. प्रशासन ने कहा है कि घर इसलिए ध्वस्त किए गए हैं क्योंकि वे सरकारी जमीन पर बने थे, जिन्हें खाली करने का नोटिस पहले भी दिया जा चुका है.
गोमांस और गाय की बरामदगी के बाद इस केस में शुक्रवार को एक FIR दर्ज की गई है. 10 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. गायों को गोशाला में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की क्रिमिनल हिस्ट्री रही है. मध्य प्रदेश में अगर कोई शख्स गोहत्या में शामिल रहता है तो उसे 7 साल की सजा हो सकती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि भैंसवाही में ही गोतस्करी के मामले हाल के दिनों में ज्यादा बढ़ गए हैं. पुलिस केस की छानबीन में जुटी है. घटना के विस्तृत ब्यौरे की प्रतीक्षा है.