8 साल तक साथ रही बस, विदाई के वक्त छलका ड्राइवर का प्यार; मुख्यमंत्री भी हुए भावुक- Video Viral
केरल में 18 साल तक KSRTC में सेवा देने वाले पॉल कुरियन ने आखिरी ड्यूटी के बाद अपनी बस को भावुक अंदाज में विदाई दी. बस को चूमते उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
केरल की सड़कों पर करीब दो दशक तक बस चलाने वाले पॉल कुरियन की अनोखी विदाई ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच. KSRTC में 18 साल की सेवा पूरी करने के बाद कुरियन ने आखिरी सक्रिय ड्यूटी के दौरान उस बस को भावुक अंदाज में अलविदा कहा, जिसे वह आठ सालों से चला रहे थे. डिपो से रवाना होने से पहले उन्होंने बस के अगले हिस्से को छुआ और फिर उसे चूम लिया. इस पल का वीडियो उनके साथियों ने रिकॉर्ड किया, जोकि अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
8 साल तक एक ही बस से जुड़ा सफर
इडुक्की के कट्टप्पना निवासी पॉल कुरियन ने KSRTC में अपने करियर के आखिरी 8 साल एक ही बस के साथ बिताए. वह कुंबम-कुमिली-करुवाक्कुलम-कोट्टायम रूट पर नियमित सेवा देते थे. लंबी दूरी की रोजाना यात्राओं के दौरान वह यात्रियों के बीच भी परिचित चेहरा बन गए थे. उनकी आखिरी यात्रा पर यात्रियों और शुभचिंतकों ने उन्हें भावुक विदाई दी.
Also Read
बस को दिया सुरक्षित सफर का श्रेय
कुरियन के लिए यह बस सिर्फ ड्यूटी का साधन नहीं थी. सालों तक साथ रहने के कारण उससे उनका गहरा जुड़ाव बन गया था. उन्होंने अपनी सेवा के दौरान यात्रियों और खुद की सुरक्षा का श्रेय भी बस को दिया. उनका कहना था कि इतने सालों में इस बस ने ही उन्हें और यात्रियों को सुरक्षित रखा. यही वजह रही कि आखिरी दिन बस को विदा करना उनके लिए बेहद भावुक पल बन गया.
31 अक्टूबर को होगी आधिकारिक रिटायरमेंट
कुरियन की सक्रिय सेवा इसी सप्ताह समाप्त हुई, लेकिन KSRTC से उनकी औपचारिक सेवानिवृत्ति 31 अक्टूबर को होगी. तब तक उनके छुट्टी पर रहने की उम्मीद है. 18 साल तक यात्रियों को सेवाएं देने के बाद उनका सक्रिय ड्यूटी से हटना करियर के एक बड़े अध्याय का अंत है. हालांकि उनकी विदाई का अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
मुख्यमंत्री ने भी की कुरियन की तारीफ
वायरल वीडियो के बाद केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशान ने भी कुरियन के भावुक अंदाज की सराहना की. उन्होंने कहा कि बस के प्रति कुरियन का सम्मान उन्हें भावुक कर गया. मुख्यमंत्री ने KSRTC के हजारों कर्मचारियों की मेहनत को सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की ताकत बताया. उन्होंने कहा कि सरकार KSRTC को आधुनिक बनाने के साथ इसकी सार्वजनिक सेवा की भूमिका को मजबूत करने का काम जारी रखेगी.