भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले के दौरान एक ऐसा पल सामने आया जिसने क्रिकेट फैंस का ध्यान मैच से हटाकर विराट कोहली की ओर खींच लिया. बल्लेबाजी की बारी का इंतजार कर रहे विराट कैमरे में मस्ती करते नजर आए. उनका यह वीडियो कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. फैंस उनके इस डांस का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं.
लाइव मैच के दौरान कैमरा जब भारतीय टीम की बालकनी की ओर गया तो उस समय जो पल कैमरे में कैद हुआ वो फैंस के लिए बेहद खुशनुमा पल था. उस फ्रेम में मुख्य कोच गौतम गंभीर और ईशान किशन आपस में बातचीत में व्यस्त थे. इसी बीच पीछे खड़े विराट कोहली मस्ती में डांस करते दिखाई दिए. वह हाथों को अलग अंदाज में हिलाते और हल्के कदमों के साथ झूमते नजर आए. उनके चेहरे के एक्सप्रेशन भी लोगों को खूब पसंद आए.
Ishan and gg are seriously talking meanwhile virat😭 pic.twitter.com/VVKSYfKkSr
— Lumi🥀 (@lumigonemad) July 19, 2026
कैमरे में कैद हुआ यह छोटा सा पल देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गया. क्रिकेट फैंस ने वीडियो को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर साझा किया. कई लोगों ने विराट के बेफिक्र अंदाज की तारीफ की, जबकि कुछ ने इसे मैच के तनाव के बीच टीम के पॉजिटिव माहौल का उदाहरण बताया. वीडियो पर हजारों रिएक्शन भी सामने आईं.
भारत जब 388 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा कर रहा था, तब कप्तान शुभमन गिल 77 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए मैदान में पहुंचे. जैसे ही वह क्रीज की ओर बढ़े, लॉर्ड्स में मौजूद दर्शकों ने खड़े होकर तालियों के साथ उनका स्वागत किया. मैदान का माहौल उस समय बेहद उत्साहपूर्ण दिखाई दिया. बता दें विराट कोहली ने इस मैच में 74 रनों की शानदार पारी खेली.
मैच से पहले सोशल मीडिया पर ऐसी अटकलें चल रही थीं कि रोहित शर्मा यह अपना आखिरी वनडे मुकाबला खेल सकते हैं. हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया. बोर्ड ने स्पष्ट किया कि रोहित वनडे क्रिकेट से संन्यास नहीं ले रहे हैं. इसके बाद इन चर्चाओं पर विराम लग गया.