नई दिल्ली: अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में एक रेस्टोरेंट अपने अनोखे ऑफर की वजह से सुर्खियों में है. एवरग्लेड्स सिटी में रेस्टोरेंट चलाने वाले डस्टिन क्रम ने ऐसी योजना शुरू की है, जिसमें बर्मी अजगर लाने वाले लोगों को बदले में एक बड़ा स्पेशल पिज्जा मुफ्त दिया जा रहा है. यह अनोखी पहल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोगों का ध्यान खींच रही है. पहली नजर में यह ऑफर मजाक जैसा लग सकता है, लेकिन इसके पीछे एक गंभीर वजह है. फ्लोरिडा में बर्मी अजगरों की बढ़ती संख्या स्थानीय वन्यजीवों के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है. इसी समस्या को देखते हुए रेस्टोरेंट मालिक ने लोगों को अजगर पकड़ने के लिए प्रोत्साहित करने का यह अलग तरीका अपनाया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, बर्मी अजगर पिछले कई वर्षों से फ्लोरिडा में तेजी से फैल रहे हैं. माना जाता है कि ये सांप 1970 के दशक में दक्षिण-पूर्व एशिया से यहां पहुंचे थे. समय के साथ इनकी संख्या लगातार बढ़ती गई और अब ये स्थानीय जीव-जंतुओं के लिए खतरा बन चुके हैं. हिरण, खरगोश, पक्षियों सहित कई वन्यजीव इनके शिकार बन रहे हैं, जिससे प्राकृतिक संतुलन प्रभावित हो रहा है.
रेस्टोरेंट संचालक डस्टिन क्रम का कहना है कि वह बर्मी अजगर को एक तरह की 'करेंसी' की तरह स्वीकार कर रहे हैं. यानी ग्राहक नकद भुगतान की जगह अजगर लेकर आता है तो उसे एक बड़ा स्पेशल पिज्जा दिया जाता है. डस्टिन खुद भी अजगर पकड़ते हैं और उन्होंने यह विचार फ्लोरिडा पाइथन चैलेंज से प्रेरित होकर शुरू किया, जहां ज्यादा अजगर पकड़ने वालों को इनाम दिया जाता है.
यह ऑफर सभी तरह के सांपों पर लागू नहीं है. डस्टिन के अनुसार, ग्राहक को हाल ही में मारा गया बर्मी अजगर ही लाना होगा और उसे मानवीय तरीके से मारा गया होना चाहिए. इसके बदले ग्राहक अपनी पसंद का एक बड़ा स्पेशल पिज्जा मुफ्त में ले सकता है. उनका कहना है कि कई स्थानीय लोग अजगर पकड़ लेते हैं, लेकिन आगे उसका क्या करना है, इसकी जानकारी नहीं होती.
डस्टिन का कहना है कि अजगर को केवल हटाया ही नहीं जाता, बल्कि उसके कई हिस्सों का उपयोग भी किया जाता है. उनके अनुसार, अजगर की चर्बी से त्वचा से जुड़े उत्पाद जैसे तेल, क्रीम और साबुन बनाए जा सकते हैं. वहीं, उसकी हड्डियों का इस्तेमाल गहने बनाने में किया जाता है. उन्होंने यह भी बताया कि अजगर के मांस का उपयोग पिज्जा में किया जाता है, लेकिन उसे बेचा नहीं जा सकता.
फ्लोरिडा प्रशासन भी बर्मी अजगरों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए लगातार अभियान चला रहा है. इसी उद्देश्य से हर साल 'फ्लोरिडा पाइथन चैलेंज' आयोजित किया जाता है, जिसमें लोग एवरग्लेड्स क्षेत्र से अधिक से अधिक बर्मी अजगर पकड़ने की कोशिश करते हैं. डस्टिन क्रम का मानना है कि उनका यह ऑफर भी इसी प्रयास को आगे बढ़ाने में मदद कर रहा है. यही वजह है कि यह अनोखी पहल इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में बनी हुई है.