menu-icon
India Daily

IND Vs ENG: लॉर्ड्स में भारत की हार, सीरीज भी गंवाई; रोहित के शतक और कोहली की फिफ्टी से भी नहीं बची लाज

इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेली गई तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज के निर्णायक मुकाबले में भारत को निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज भी गंवा दी.

KanhaiyaaZee
IND Vs ENG: लॉर्ड्स में भारत की हार, सीरीज भी गंवाई; रोहित के शतक और कोहली की फिफ्टी से भी नहीं बची लाज
Courtesy: X/@BCCI

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज का रोमांचक अंत मेजबान टीम के नाम रहा. लॉर्ड्स में खेले गए निर्णायक मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 27 रन से हराकर सीरीज 2-1 से जीत ली. भारत को 388 रन का बड़ा लक्ष्य मिला था और टीम ने शानदार शुरुआत भी की, लेकिन अंत के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से जीत हाथ से निकल गई. रोहित शर्मा की शतकीय पारी और विराट कोहली की अर्धशतकीय पारी आखिरकार टीम को जीत नहीं दिला सकी.

388 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की. रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 147 रन जोड़कर इंग्लैंड पर दबाव बनाया. शुभमन ने 84 गेंदों में 77 रन की संयमित पारी खेली और अपनी 20वीं वनडे फिफ्टी पूरी की. उनकी पारी आदिल राशिद के एलबीडब्ल्यू करने के साथ समाप्त हुई, लेकिन तब तक भारत मुकाबले में मजबूती से बना हुआ था.

रोहित और कोहली ने जगाई जीत की उम्मीद

शुभमन के आउट होने के बाद विराट कोहली ने रोहित का शानदार साथ निभाया. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन जोड़कर लक्ष्य की ओर भारत को तेजी से बढ़ाया. रोहित ने सिर्फ 84 गेंदों में शतक पूरा किया और 110 गेंदों पर 138 रन की शानदार पारी खेली. वह लॉर्ड्स में वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय पुरुष बल्लेबाज बने. कोहली ने भी 60 गेंदों में 74 रन बनाकर टीम की उम्मीदों को जिंदा रखा.

मध्यक्रम की नाकामी बनी हार की वजह

रोहित के आउट होते ही भारतीय पारी की रफ्तार टूट गई. ईशान किशन, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल बड़ी पारी नहीं खेल सके. सैम करन ने लगातार अहम विकेट लेकर भारत को दबाव में ला दिया. विराट कोहली के आउट होने के बाद जीत की उम्मीद और कमजोर पड़ गई. अंत में गुरनूर बरार और अर्शदीप सिंह नाबाद लौटे, लेकिन टीम 50 ओवर में 360 रन ही बना सकी.

इंग्लैंड ने बनाया रिकॉर्ड स्कोर

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने तीन विकेट पर 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. यह लॉर्ड्स में वनडे क्रिकेट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा. बेन डकेट ने 141 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जैकब बेथेल 91 रन बनाकर शतक से चूक गए. दोनों ने पहले विकेट के लिए 192 रन जोड़कर भारत के खिलाफ इंग्लैंड की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का नया रिकॉर्ड बनाया.

रूट और बटलर ने दिलाई सीरीज जीत

बेन डकेट और बेथेल की शानदार शुरुआत के बाद जो रूट और कप्तान जोस बटलर ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बटोरे. दोनों ने सिर्फ 21 गेंदों में नाबाद 63 रन जोड़कर भारत के सामने 388 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा. भारतीय बल्लेबाजों ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने निर्णायक समय पर वापसी करते हुए मुकाबला 27 रन से जीत लिया और सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लिया.