आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें दिखाई दे रही बस करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही है और इतनी तेज रफ्तार के बीच बस का ड्राइवर मोबाइल चलाने में व्यस्त है. वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि ड्राइवर कभी-कभी सड़क की ओर देख रहा है. वहीं, उसके बगल में लेटा कंडक्टर भी मोबाइल फोन में व्यस्त दिखाई देता है. हालांकि, इस वीडियो की तारीख और बस संचालक की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.
वीडियो शेयर करने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि वह आलमबाग से दिल्ली जा रही इसी बस में सफर कर रहा था. उसके मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर पहुंचने के बाद निजी बसों में इस तरह की लापरवाही अक्सर देखने को मिलती है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाए कि यदि ड्राइवर का ध्यान सड़क की बजाय मोबाइल पर रहेगा तो यात्रियों की जान कितने बड़े जोखिम में पड़ सकती है.
Bus driver and conductor both watching videos on their phones while speeding at 100 km/h on the Agra-Lucknow Expressway.
— Mr Tiwari (@MrTiwaree) July 5, 2026
This is why accidents keep happening every single day.
This is not one bus. This is the standard practice in most private buses.
You are traveling with… pic.twitter.com/BlizJ8U08v
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई. कई लोगों ने ड्राइवर का लाइसेंस रद्द करने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की. कुछ यूजर्स ने कहा कि यह सिर्फ निजी बसों तक सीमित समस्या नहीं है, बल्कि दूसरी परिवहन सेवाओं में भी ऐसी लापरवाही देखने को मिलती है. वहीं, कई लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि बस में मौजूद किसी यात्री ने ड्राइवर और कंडक्टर को रोकने की कोशिश क्यों नहीं की. फिलहाल, वीडियो ने सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन में जिम्मेदारी को लेकर नई बहस छेड़ दी है.