उत्तर प्रदेश के एटा में पिछले साल एक चोरी हुई थी. चोरी के मामले की शिकायत थाने तक पहुंची तो पुलिस आरोपियों को ले आई. फिर पुलिस ने 'इंसाफ' के लिए जो तरीका अपनाया उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मियों ने आरोपों के हाथ में गंगाजल देकर कसम खिलाई. रिपोर्ट के मुताबिक, कसम खाते हुए इन लोगों ने कहा कि वे निर्दोष हैं. बस इतना कहते ही पुलिस ने उन्हें निर्दोष मान भी लिया और बरी कर दिया. अब वीडियो सामने आने के बाद पुलिस का कहना है कि इस वायरल वीडियो के बारे में जांच की जा रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक, जैथरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरना के सरोज मिश्रा और विजय पाल सिंह के घर से एक ही दिन में चोरी चोरी हुई थी. दोनों ने पुलिस को अलग-अलग शिकायत दी लेकिन दोनों मामले एक ही रिपोर्ट में दर्ज कर लिए गए. सरोज मिश्रा ने अपनी शिकायत में दावा किया कि उनके घर हुई चोरी में जो सीढ़ी इस्तेमाल हुई वह विजयपाल सिंह की ही थी. इस पर आशंका जताई गई कि इसमें विजयपाल सिंह का ही हाथ हो सकता है.
सरोज ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से भी की लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला. हाल ही में पुलिस ने विजयपाल सिंह और उनके बेटे को थाने में बुलाया. इन दोनों के हाथ में गंगाजल दिया और पीपल के पेड़ के नीचे से बने छोटे से मंदिर के सामने कसम खिलाई गई. इसमें पुलिस वाले उनसे कह रहे हैं, 'कहो, मैं शनिदेव महाराज की कसम खाकर कहता हूं कि इस चोरी में मेरा कोई हाथ नहीं है.' दोनों ने बारी-बारी से कसम खाई तो पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया और दोनों घर चले गए.
#यूपी #एटा जल हाथ में लो.. भगवान की कसम खाओ.. और वारदात के शक से छुट्टी पाओ.. वीडियो एटा के एक थाने का है जहां चोरी के शक में बुलाए गए लोगों को दरोगा बाबू कसम खिलवा रहे हैं। 😊
— Advocate Satom Singh (@SatomSingh) August 27, 2024
कसम खाओ और अपराध से मुक्ति पाओ। ये अच्छा फार्मूला है यूपी पुलिस का! @Uppolice @dgpup pic.twitter.com/rPApmA1Dj4
अब इस मामले में एटा पुलिस ने ट्विटर पर अपना बयान जारी किया है. पुलिस ने कहा है, 'दिनांक 18/19 मई 2023 को थाना जैथरा क्षेत्रांतर्गत हुई चोरी की घटना के संबंध में तत्समय अभियोग पंजीकृत किया गया था. साथ ही, साक्ष्य एवं गुण-दोष के आधार पर विवेचना प्रचलित है. उक्त घटना से संबंधित पक्षों का वीडियो संज्ञान में आने पर वायरल वीडियो की जांच क्षेत्राधिकारी अलीगंज को सुपुर्द की गई है.'
इस घटना के बारे में पीड़ित सरोज मिश्रा का कहना है 'हमने तो किसी तरह की कसम खिलाने की मांग नहीं की थी. किसी न किसी ने तो चोरी की ही होगी, पुलिस को इसका खुलासा करना चाहिए.' इस मामले में अलीगंज थाने के सीओ सुधांशु शेखर का कहना है कि चोरी के मामले में कसम खिलाने की बात उनके संज्ञान में नहीं है. वहीं थाना अध्यक्ष राजकुमार सिंह का कहना है कि गांव के लोगों ने आपस में कसम खिलाई है, इसमें पुलिस का कोई रोल नहीं है.