menu-icon
India Daily

'जाऊं या नहीं...', पाकिस्तान में 2 करोड़ की नौकरी मिलने पर 21 साल के भारतीय ने लोगों से पूछा सवाल

21 साल के एक भारतीय टेक प्रोफेशनल ने दावा किया है कि उसे पाकिस्तान स्थित एक कंपनी से 2 करोड़ की नौकरी का ऑफर मिला है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'जाऊं या नहीं...', पाकिस्तान में 2 करोड़ की नौकरी मिलने पर 21 साल के भारतीय ने लोगों से पूछा सवाल
Courtesy: AI

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X  पर एक 21 वर्षीय भारतीय टेक प्रोफेशनल ने एक ऐसा दावा किया है जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है. आदित्य नाम के इस यूजर ने कुछ स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए दावा किया कि उसे पाकिस्तान के कराची स्थित एक कंपनी से करीब 2 करोड़ रुपये (1,80,000 से 2,20,000 डॉलर) के बेस पैकेज का जॉब ऑफर मिला है. इस पोस्ट के सामने आते ही इंटरनेट पर मीम्स और बहस की बाढ़ आ गई है.

इंटरनेट पर लोगों से मांगी सलाह

शेयर किए गए स्क्रीनशॉट के मुताबिक, कंपनी का मुख्यालय भले ही कराची में है, लेकिन उसकी पूरी टीम यूके (UK) में काम करती है. इतना ही नहीं, आदित्य को कंपनी की तरफ से वीजा स्पॉन्सरशिप का भी भरोसा दिया गया था. आदित्य ने नेटिजन्स से सलाह मांगते हुए लिखा, 'क्या मुझे इस ऑनसाइट ऑफर को स्वीकार कर वहां जाना चाहिए?' इसके बाद से ही इस पोस्ट पर हजारों व्यूज और प्रतिक्रियाएं आ चुकी हैं.

लोगों ने उठाए सवाल

हालांकि, सोशल मीडिया की जनता इतनी आसानी से किसी बात पर भरोसा नहीं करती. इस भारी-भरकम पैकेज को देखकर कई यूजर्स ने इसकी प्रामाणिकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कई लोगों का मानना है कि यह पोस्ट सिर्फ सोशल मीडिया पर लाइक्स, शेयर्स और अटेंशन बटोरने यानी 'इंगेजमेंट फार्मिंग' के लिए की गई है. लोगों का कहना है कि आज के दौर में वायरल होने के लिए ऐसे हथकंडे आम हो गए हैं.

क्या बोले यूजर्स

इंटरनेट यूजर्स ने इस पर मजेदार और गंभीर, दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं. एक यूजर ने मजाक में लिखा कि वह भी आदित्य के साथ चलने को तैयार है, बशर्ते सैलरी का एक बड़ा हिस्सा उसकी 'सुरक्षा' के लिए रखा जाए. वहीं, कुछ गंभीर यूजर्स ने आगाह किया कि इस तरह के ऑफर को स्वीकार करने से भविष्य में कानूनी और सुरक्षा संबंधी पेचीदगियां बढ़ सकती हैं, इसलिए समझदारी इसी में है कि इससे दूर रहा जाए.