menu-icon
India Daily

यूपी के लोगों के लिए खुशखबरी! बृहस्पतिवार को प्रदेश में इस कीमत पर बेचा जाएगा नेपाल से आयातित टमाटर

Tomatoes: नेपाल के करीब 5 टन टमाटर मंगाया गया है. अभी टमाटर की ये खेप रास्ते में है. इस टमाटर की बिक्री उत्तर प्रदेश में बेहद सस्ते दामों पर की जानी है.

Sagar Bhardwaj
Edited By: Sagar Bhardwaj
यूपी के लोगों के लिए खुशखबरी! बृहस्पतिवार को प्रदेश में इस कीमत पर बेचा जाएगा नेपाल से आयातित टमाटर

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है! अब आप भी अपनी सब्जी में टमाटर का इस्तेमाल कर पाएंगे.
अब यूपी में बेहद सस्ते दामों पर टमाटर की बिक्री की जाएगी. बता दें कि नेपाल के करीब 5 टन टमाटर मंगाया गया है. अभी टमाटर की ये खेप रास्ते में है. इस टमाटर की बिक्री उत्तर प्रदेश में बेहद सस्ते दामों पर की जानी है. भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (NCCF) ने बुधवार को यह जानकारी दी.

बता दें कि  NCCF ने  नेपाल  से 10 टन टमाटर के आयात का अनुबंध किया है. NCCF आयात के अतिरिक्त केंद्र सरकार की ओर से टमाटर की घरेलू खरीद भी कर रही है और फिर उपभोक्ताओं को रियायती दरों पर इसे बेचा जा रहा है.

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के निर्देश पर एनसीसीएफ खुदरा स्तर पर हस्तक्षेप कर रही है.

मात्र 50 रुपए प्रति किलो खरीद पाएंगे टमाटर
एनसीसीएफ के प्रबंध निदेशक एनीस जोसेफ चंद्रा ने बताया, 'हमने नेपाल से 10 टन टमाटर आयात का करार किया है. इसमें से 3-4 टन टमाटर मंगलवार को उत्तर प्रदेश में विक्रय किया गया, लगभग 5 टन टमाटर अभी रास्ते में हैं और इसकी बिक्री बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश में की जाएगी.'

उन्होंने कहा कि टमाटर जल्दी खराब हो जाता है, इसलिए देश के अन्य हिस्सों में इसकी बिक्री करना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि देश के प्रमुख उत्पादक राज्यों से खरीकर दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान में टमाटर को 50 रुपए किलो की दर से बेचा जा रहा है.

टमाटर की कीमतों में जल्द आ सकती है कमी
जोसेफ चंद्रा ने बताया कि थोक मंडियों में मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश में टमाटर की नई फसल की आवक शुरू हो गई है, जिससे टमाटर की कीमतों में कमी आ रही है.

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 15 अगस्त को टमाटर की औसत थोक कीमत पूरे भारत में घटकर 88.22 रुपए प्रति किलो रह गई जबकि एक महीने पहले यह 97.56 रुपए थी.

वहीं, एक महीने पहले टमाटर की पूरे भारत में जो औसत खुदरा कीमत  118.7 रुपए प्रतिकिलो थी वो अब घटकर 107.87 प्रति किलो हो गई है.

यह भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्रीमंडल ने पीएम विश्वकर्मा योजना के लिए 13,000 करोड़ किए मंजूर, जानें क्या है यह योजना और किसे मिलेगा इसका लाभ