menu-icon
India Daily

LPG, क्रेडिट कार्ड से लेकर ऑनलाइन गेमिंग तक, 1 मई से बदल जाएंगे ये पांच बड़े नियम; अभी करें चेक

1 मई 2026 से देश में कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू हो रहे हैं. LPG सिलेंडर की कीमतों में संशोधन, डिलीवरी सिस्टम में नई व्यवस्था, SBI क्रेडिट कार्ड के लेट पेमेंट चार्ज में बदलाव.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
LPG, क्रेडिट कार्ड से लेकर ऑनलाइन गेमिंग तक, 1 मई से बदल जाएंगे ये पांच बड़े नियम; अभी करें चेक
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: अप्रैल का महीना खत्म होते ही मई की शुरुआत कई नए नियमों के साथ हो रही है. इन बदलावों का सीधा असर आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाला है. घरेलू गैस से लेकर क्रेडिट कार्ड यूजर्स और ऑनलाइन गेमिंग करने वालों तक सबको सतर्क रहना होगा. तेल कंपनियां कीमतें संशोधित करेंगी तो एसबीआई कार्ड होल्डर्स के चार्जेस भी बदले जा रहे हैं. साथ ही नए ऑनलाइन गेमिंग नियम लागू होंगे. बैंक छुट्टियों की लिस्ट भी लंबी है.

LPG सिलेंडर कीमत और डिलीवरी में बदलाव

1 मई को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें जारी करेंगी. अप्रैल में पहले ही दाम बढ़े थे, अब एक और संशोधन की संभावना है. साथ ही बुकिंग लॉक-इन पीरियड में बदलाव हो सकता है. शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतर रखना पड़ सकता है. OTP आधारित डिलीवरी को स्थायी बनाने की तैयारी है, जिससे गलत डिलीवरी पर अंकुश लगेगा. 

एटीएफ, सीएनजी और पीएनजी के दाम प्रभावित

1 मई से एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में संशोधन होने की संभावना है. इससे हवाई यात्रा महंगी हो सकती है. साथ ही सीएनजी और पीएनजी के दाम भी बदले जा सकते हैं, जिसका असर सड़क पर वाहन चलाने वालों और घरों में पाइप्ड गैस यूज करने वालों पर पड़ेगा. तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों के आधार पर ये बदलाव तय होंगे. 

SBI क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव

एसबीआई कार्ड यूजर्स के लिए 1 मई से लेट पेमेंट चार्ज में संशोधन हो रहा है. अब 100 से 500 रुपये तक के बकाए पर 100 रुपये और 500 से 1000 रुपये तक के बकाए पर 500 रुपये का चार्ज लगेगा. बीपीसीएल एसबीआई क्रेडिट कार्ड की 499 रुपये की एनुअल फीस अब 1 लाख रुपये के सालाना खर्च पर वापस मिलेगी, जो पहले 50 हजार पर थी. समय पर बिल चुकाना अब और जरूरी हो गया है.

ऑनलाइन गेमिंग के नए सख्त नियम

1 मई 2026 से ऑनलाइन गेमिंग नियम 2026 लागू हो जाएंगे. इसके तहत ऑनलाइन गेमिंग अथॉरिटी ऑफ इंडिया (OGAI) का गठन किया जाएगा. गेम्स को तीन श्रेणियों में बांटा जाएगा - ऑनलाइन मनी गेम्स, सोशल गेम्स और ई-स्पोर्ट्स. पैसे वाले गेम्स पर सख्त निगरानी रखी जाएगी. प्लेटफॉर्म्स को रजिस्ट्रेशन कराना होगा और वित्तीय लेन-देन पर पैनी नजर रहेगी. यूजर्स की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है.

मई में बैंकों की छुट्टियां

मई 2026 में बैंक छुट्टियों की संख्या काफी है. 1 मई को महाराष्ट्र दिवस, लेबर डे और बुद्ध पूर्णिमा के कारण कई जगह छुट्टी रहेगी. इसके अलावा रवींद्रनाथ टैगोर जयंती, ईद-उल-अधा (बकरीद) आदि पर भी बैंक बंद रहेंगे. दूसरे और चौथे शनिवार व रविवार की नियमित छुट्टियों के अलावा कुल 12 दिन बैंक बंद हो सकते हैं. जरूरी कामों के लिए ऑनलाइन बैंकिंग का सहारा लें.