menu-icon
India Daily

बुजुर्ग हों या नशे से परेशान लोग, सरकार ने जारी किए 5 नंबर; जानें किस परेशानी में कहां करें कॉल

कई बार सही समय पर मिली मदद किसी की जिंदगी बदल सकती है. सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने समाज के अलग-अलग वर्गों के लिए पांच हेल्पलाइन नंबर साझा किए हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
बुजुर्ग हों या नशे से परेशान लोग, सरकार ने जारी किए 5 नंबर; जानें किस परेशानी में कहां करें कॉल
Courtesy: Pinterest (प्रतिकात्मक)

Government Helpline Numbers: कभी घर में अकेले रह रहे बुजुर्ग को सहारे की जरूरत होती है, तो कभी कोई व्यक्ति नशे की लत से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहा होता है. कई लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें सामाजिक भेदभाव या अत्याचार के खिलाफ मदद चाहिए, लेकिन सही जानकारी नहीं होने के कारण वे सहायता तक नहीं पहुंच पाते. ऐसी स्थितियों में एक सही फोन नंबर बड़ी राहत बन सकता है. इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार ने पांच महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर साझा किए हैं.

बुजुर्गों की परेशानी में काम आएगा यह नंबर

वरिष्ठ नागरिकों को सहायता या मार्गदर्शन की जरूरत होने पर एल्डर लाइन हेल्पलाइन 14567 पर संपर्क किया जा सकता है. खासकर अकेले रहने वाले बुजुर्गों के लिए यह सेवा मददगार हो सकती है. उम्र बढ़ने के साथ कई लोगों को रोजमर्रा की समस्याओं में सहयोग की जरूरत पड़ती है. ऐसे में यह नंबर उन्हें सहायता पाने का रास्ता उपलब्ध कराता है.

अत्याचार के खिलाफ यहां मिलेगी सहायता

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों के साथ होने वाले अत्याचार के मामलों में मदद के लिए 14566 नंबर साझा किया गया है. यह राष्ट्रीय हेल्पलाइन ऐसे लोगों को सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दी गई है, जिन्हें भेदभाव या अत्याचार की स्थिति में सहयोग की जरूरत है. जरूरत पड़ने पर इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है.

नशे की लत से बाहर निकलने में मिलेगी मदद

नशे की लत केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार को भी प्रभावित करती है. इससे बाहर निकलने के लिए सही मार्गदर्शन और सहयोग जरूरी होता है. राष्ट्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14446 इसी उद्देश्य से उपलब्ध कराई गई है. नशे की समस्या से जूझ रहे लोग या उनके परिजन इस नंबर पर संपर्क कर सहायता की जानकारी ले सकते हैं.

ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए अलग हेल्पलाइन

सरकार की ओर से ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों की सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 14427 दिया गया है. इस समुदाय से जुड़े जरूरतमंद लोग सहायता पाने के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. मंत्रालय की ओर से साझा किए गए पोस्टर में इसे अलग से शामिल किया गया है, ताकि संबंधित लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके.

कचरा बीनने वालों के लिए भी जारी हुआ नंबर

कचरा बीनकर आजीविका चलाने वाले लोगों की मदद के लिए 14473 हेल्पलाइन नंबर साझा किया गया है. मंत्रालय की इस पहल का उद्देश्य ऐसे लोगों तक भी सहायता की जानकारी पहुंचाना है, जिन्हें अक्सर जरूरी सरकारी सेवाओं के बारे में पता नहीं होता. इन पांचों नंबरों को परिवार और आसपास के लोगों के साथ साझा करना भी मददगार हो सकता है. हो सकता है, आपकी ओर से दी गई जानकारी किसी जरूरतमंद को सही समय पर सहायता दिला दे.