एयर इंडिया ने यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अपना नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया है. कंपनी की इन हाउस डिजिटल टीम द्वारा तैयार किए गए इस ऐप में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे टिकट बुकिंग से लेकर बैगेज ट्रैकिंग तक की कई सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी.
इस ऐप की खास बात यह है कि इसे जनरेटिव AI तकनीक जोड़ी गई है, जो यात्री की यात्रा से जुड़ी सीमित जानकारी मिलने पर पूरा ट्रैवल प्लान तैयार करने में सक्षम होगी.
नए ऐप में यात्रियों के सामान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एप्पल एयर टैग और गूगल ट्रैकर्स का एडवांस सपोर्ट दिया गया है. इससे यात्री अपने बैग की स्थिति पर नजर रख सकेंगे. इसके अलावा ऐप को इस तरह तैयार किया गया है कि यह कई जरूरी सुविधाओं के साथ इंटरनेट उपलब्ध न होने की स्थिति में भी काम कर सकेगा. एयर इंडिया ने उड़ानों में देरी या रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को होने वाली परेशानी कम करने के लिए ऐप में विशेष सुविधा जोड़ी है. पहले ऐसी स्थिति में होटल वाउचर या ठहरने की व्यवस्था के लिए यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था. अब यदि किसी कारण से फ्लाइट प्रभावित होती है तो ऐप तुरंत सूचना भेजेगा और पात्र यात्रियों को होटल तथा स्थानीय परिवहन का विकल्प सीधे मोबाइल पर उपलब्ध होगा. यात्री अपनी सुविधा के अनुसार डिजिटल होटल वाउचर प्राप्त कर सकेंगे और एयरपोर्ट से होटल तक पहुंचने की व्यवस्था भी ऐप के माध्यम से की जा सकेगी.
मिली जानकारी के मुताबिक यदि किसी उड़ान पर असर पड़ता है तो प्रभावित यात्रियों को उसी मार्ग की अगली उपलब्ध उड़ानों में तीन दिनों के भीतर बिना अतिरिक्त शुल्क के रीबुकिंग का विकल्प मिलेगा. यदि यात्री यात्रा नहीं करना चाहते तो वे ऐप के माध्यम से रिफंड का दावा भी कर सकेंगे. पात्र यात्रियों को होटल में ठहरने के साथ भोजन की सुविधा भी दी जाएगी, जिसमें नाश्ता और आवश्यकतानुसार दोपहर या रात का भोजन शामिल होगा. होटल में प्रवेश के समय पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा. हालांकि होटल और भोजन के अतिरिक्त निजी खर्च यात्रियों को स्वयं वहन करने होंगे.