WhatsApp पर आया ₹8,000 दिवाली बोनस का मैसेज तो हो जाएं सावधान! एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक अकाउंट

WhatsApp पर एक मैसेज वायरल हो रहा है, जिसमें दिवाली बोनस देने का दावा किया जा रहा है. WhatsApp पर ₹8,000 दिवाली बोनस देने वाला एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है. 

ChatGPT
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: दिवाली का त्योहार आने में बस कुछ ही दिन बचे हैं. जहां एक तरफ लोग घर को सजाने और बाकी कामों की तैयारी में लगे हैं, वहीं स्कैमर्स पैसे ठगने की तैयारी कर रहे हैं. बता दें कि WhatsApp पर एक मैसेज वायरल हो रहा है, जिसमें दिवाली बोनस देने का दावा किया जा रहा है. WhatsApp पर ₹8,000 दिवाली बोनस देने वाला एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है. 

इस मैसेज में दावा किया जा रहा है कि देश के लोगों को प्रधानमंत्री की तरफ से 8,000 रुपये दिए जा रहे हैं. अगर आपके फोन पर ऐसा कोई मैसेज आता है, तो सावधान रहने की जरूरत है. यह कोई सरकारी योजना नहीं है, बल्कि ऑनलाइन ठगी का एक तरीका है. बता दें कि सरकारी संस्था PIB ने इस मैसेज का फैक्ट चेक किया है. 

₹8,000 बोनस के नाम पर कैसे हो रही है ठगी?

इस स्कैम में लोगों को WhatsApp पर एक लिंक भेजा जाता है. इस मैसेज में लिखा होता है कि उन्हें दीवाली बोनस के तौर पर 8,000 रुपये दिए जाएंगे. इसके लिए एक लिंक मैसेज में मौजूद होता है, उस पर क्लिक करना होता है. जैसे ही व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक कर देता है, तो वह एक फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है. यहां उससे नाम, मोबाइल नंबर और बैंक अकाउंट जैसी जानकारी मांगी जाती है. 


कुछ मामलों में स्कैमर OTP और UPI PIN जैसी गोपनीय जानकारी भी हासिल करने की कोशिश करते हैं. अगर कोई व्यक्ति स्कैमर के लालच में आ जाता है, तो उसके बैंक अकाउंट से पैसे निकाल लिए जाते हैं. कई बार ऐसे लिंक के जरिए मोबाइल में नुकसान पहुंचाने वाले ऐप भी डाउनलोड करवाए जाते हैं.

इन बातों का रखें खास ख्याल:

  • WhatsApp पर आए किसी भी अनजान बोनस लिंक पर क्लिक न करें.

  • किसी के साथ अपना OTP, ATM PIN या UPI PIN साझा न करें.

  • सरकारी योजनाओं की जानकारी केवल आधिकारिक सरकारी वेबसाइट से जांचें.

  • अनजान वेबसाइट पर बैंक और निजी जानकारी दर्ज न करें.

  • फ्री में मिलने वाले पैसे या इनाम देने वाले संदिग्ध मैसेज को आगे फॉरवर्ड न करें.

अगर स्कैम हो जाए तो क्या करें:

अगर आपके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हो जाती है, तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें. इसके अलावा भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर जाकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.