ओमान के तट पर भारतीय जहाज पर हमला, एक नाविक की मौत; MEA बोला-अटैक बंद हों
ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले मालवाहक जहाज ‘MSV अल जुसुफी’ पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई.
Oman Ship Attack: ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले एक मालवाहक जहाज पर हुए हमले में भारतीय नागरिक की मौत के बाद विदेश मंत्रालय ने गंभीर चिंता जताई है. मंत्रालय ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए. इस घटना में जहाज पर सवार 14 भारतीय नागरिकों में से 13 को बचा लिया गया, जबकि एक की चोटों के कारण मौत हो गई.
मस्कट स्थित भारतीय दूतावास पूरे मामले पर नजर रख रहा है. दूतावास ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर बचाए गए भारतीय नागरिकों और मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था कर रहा है. विदेश मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है.
भारतीय जहाज पर हमले की विदेश मंत्रालय ने की निंदा
विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर सोमवार शाम ओमान के लिमाह के पास कमर्शियल जहाज ‘MSV अल जुसुफी’ पर हुए हमले की निंदा की. मंत्रालय ने कहा कि जहाज पर सवार 14 भारतीय नागरिकों में से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया है. एक भारतीय नागरिक की चोटों के कारण दुखद मौत हुई है. मंत्रालय ने इस जान के नुकसान पर गहरा दुख जताया.
Also Read
मृतक और बचाए गए भारतीयों की वापसी की तैयारी
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है. दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रहा है, ताकि बचाए गए 13 भारतीय नागरिकों और मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाया जा सके. इस प्रक्रिया में ओमान के अधिकारियों का सहयोग लिया जा रहा है.
कमर्शियल जहाजों पर हमले को बताया चिंताजनक
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को बेहद चिंताजनक बताया. मंत्रालय ने तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी बातचीत को पूरा करने की अपील दोहराई. उसका कहना है कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए सभी पक्षों को प्रयास करने चाहिए.
अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर आवाजाही बहाल करने की अपील
मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए. साथ ही, अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की आवाजाही और व्यापार बिना किसी रुकावट के जल्द बहाल किया जाना चाहिए. विदेश मंत्रालय ने इस दिशा में तनाव कम करने और बातचीत आगे बढ़ाने पर जोर दिया.
सर्बानंद सोनोवाल ने जताया दुख
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर भारतीय नाविक की मौत पर दुख जताया. उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. सोनोवाल ने कहा कि संबंधित मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं. घटना के बाद भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के प्रयास जारी हैं.