नई दिल्ली: फोल्डेबल फोन बहुत नाजुक माने जाते हैं. अगर ये गिर जाएं तो डिस्प्ले खराब हो जाता है और रिपेयरिंग का खर्च काफी ज्यादा आता है। अब सैमसंग ने इस समस्या का अच्छा समाधान निकाल लिया है. कंपनी Flex Titanium नाम की नई डिस्प्ले टेक्नोलॉजी लाई है, जो आने वाले गैलेक्सी फोल्डेबल फोन को मजबूत बनाने के साथ-साथ पतला भी बनाएगी.
यह सैमसंग का नया फोल्डेबल डिस्प्ले स्ट्रक्चर है. इसमें ट्रेडिशनल सपोर्ट मैटेरियल की जगह टाइटेनियम के दो कंपोनेंट्स इस्तेमाल किए गए हैं. OLED डिस्प्ले के नीचे एक टाइटेनियम अलॉय फिल्म लगाई गई है. उसके नीचे टाइटेनियम सपोर्ट प्लेट है. इन सभी लेयर्स को मिलाकर डिस्प्ले तैयार किया गया है.
सैमसंग का दावा है कि यह नई टाइटेनियम अलॉय फिल्म पुरानी पॉलीमर फिल्म से 20 गुना ज्यादा मजबूत है. इसके अलावा डिस्प्ले के कंपोनेंट्स के बीच एयर गैप भी खत्म कर दिया गया है, जिससे फोल्ड होने पर क्रीज (निशान) बहुत कम दिखेगा और फोन को मोड़ना भी आसान हो जाएगा.
टाइटेनियम बहुत मजबूत धातु है. इसका इस्तेमाल स्पेसक्राफ्ट, सैटेलाइट और मंगल पर चलने वाले रोवर के पहियों में भी किया जाता है। इसमें जंग नहीं लगता. हालांकि, इसे मोड़ना मुश्किल होता है, लेकिन सैमसंग ने लंबी रिसर्च के बाद मजबूती और फ्लैक्सिबिलिटी दोनों को सही बैलेंस में लाने में सफलता हासिल कर ली है.
फोन ज्यादा टिकाऊ (ड्यूरेबल) बनेगा
गिरने या झटके पर डिस्प्ले खराब होने का खतरा कम
फोन पतला और हल्का बनेगा
बेहतर कलर, क्रिस्प इमेज और अच्छी एनर्जी एफिशिएंसी मिलेगी
क्रीज (फोल्ड का निशान) काफी कम दिखेगा
अभी यह नहीं पता चला है कि यह नई टेक्नोलॉजी किस फोन में पहले इस्तेमाल होगी, लेकिन माना जा रहा है कि 22 जुलाई को होने वाले Galaxy Unpacked इवेंट में इसका खुलासा हो सकता है.