Android Smartphone High-Risk Warning: इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) ने एंड्रॉइड यूजर्स के लिए एक बड़ी चेतावनी जारी की है. कहा गया है कि जो-जो स्मार्टफोन्स क्वालकॉम और मीडियाटेक प्रोसेसर पर काम करते हैं उन पर हैकर्स का खतरा मंडरा रहा है. इस एजेंसी ने एंड्रॉइड वर्जन 12, 12L, 13 और 14 सॉफ्टवेयर को लिस्ट किया है जिनमें लेटेस्ट खामियां देखी गई हैं.
एंड्रॉइड में जो खामियां बताई गई हैं वो हैकर्स का सेंसिटिव डाटा प्राप्त करने में मदद करती हैं. ये खामियां फ्रेमवर्क, सिस्टम, कर्नेल, आर्म कंपोनेंट्स, इमेजिनेशन टेक्नोलॉजीज, मीडियाटेक कंपोनेंट्स, और क्वालकॉम क्लोज्ड-सोर्स कंपोनेंट्स में दिक्कतों के चलते आई हैं. फ्रेमवर्क कंपोनेंट्स में एक सिक्योरिटी फ्लॉ मिला है जो यूजर्स के डिवाइस का एक्सेस भी हासिल करने में मदद करता है.
अगर मीडियाटेक और क्वालकॉम की बात है तो इससे सैमसंग, रियलमी, वनप्लस, शाओमी और वीवो जैसे मैन्युफैक्चरर्स की डिवाइसेज प्रभावित हुई हैं. हालांकि, अच्छी बात यह है कि ज्यादा फोन ब्रांड को इस मामले में जानकारी दे दी गई है तो कंपनियां अपने यूजर्स को सिक्योरिटी पैच अपडेट उपलब्ध करा देंगी. अगले कुछ दिनों में या हफ्तों में यूजर्स को अपडेट मिल सकता है. Qualcomm ने पुष्टि की है कि सिक्योरिटी बुलेटिन जारी होने से पहले एक पैच जारी किया गया है.
आपको हमेशा अपनी डिवाइस अप टू डेट रखनी चाहिए. इससे अगर फोन में कोई बग होता या वायरस होता है तो उसे फिक्स कर दिया जाता है.
कई बार हम फोन को अपडेट करना भूल जाते हैं जिसके चलते फोन पुराने वर्जन पर चलता रहता है. ऐसे में आपको ऑटोमेटिक अपडेट ऑन कर देना चाहिए. इससे आपको समय से सिक्योरिटी पैच मिल जाएंगे.
अगर कोई ऐप डाउनलोड करनी है तो उसे ट्रस्टेड साइट से ही करें. गूगल प्ले स्टोर का इस्तेमाल करें. थर्ड पार्टी ऐप्स का इस्तेमाल न करें.
किसी भी अननोन लिंक पर क्लिक नहीं करना है. यह फिशिंग अटैक हो सकता है.