menu-icon
India Daily

सावधान! उत्तरकाशी में बढ़ा खीर गंगा का जलस्तर, पुलिस ने जारी किया अलर्ट; प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में खीर गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद हर्षिल थाना पुलिस और जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
सावधान! उत्तरकाशी में बढ़ा खीर गंगा का जलस्तर, पुलिस ने जारी किया अलर्ट; प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
Courtesy: @ANI X Account

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित धराली क्षेत्र से होकर बहने वाली खीर गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गए हैं. हर्षिल थाना पुलिस ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों से सावधानी बरतने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.

प्रशासन के अनुसार हाल के दिनों में हुई बारिश के कारण खीर गंगा का जलस्तर बढ़ा है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं. पुलिस लगातार नदी के आसपास के क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है और लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक कर रही है.

हर्षिल थाना पुलिस ने क्या की अपील?

हर्षिल थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे नदी के किनारे अनावश्यक आवाजाही न करें और जलधारा से सुरक्षित दूरी बनाए रखें. प्रशासन ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पर्यटकों से भी नदी के पास नहीं जाने की सलाह दी है. अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है.

प्रशासन ने लोगों से क्या कहा?

प्रशासन ने लोगों से कहा है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. यदि किसी क्षेत्र में जलस्तर तेजी से बढ़ता हुआ दिखाई दे या किसी प्रकार का खतरा महसूस हो तो तुरंत पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी कारण सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं. आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय और राहत संबंधी कदम भी उठाए जाएंगे.

आपदा प्रबंधन अधिकारी क्या बताया?

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाई ने बताया कि बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है. इसके बावजूद किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के लिए संबंधित विभागों को एहतियाती कदम उठाने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन मौसम और नदी की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

मानसून के दौरान उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है. ऐसे में प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करें. सतर्कता और समय पर दी गई जानकारी किसी भी संभावित दुर्घटना को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.