उत्तराखंड में बारिश धीमी, लेकिन खतरा बरकरार; 6 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के बाद रविवार को कुछ इलाकों में मौसम साफ हुआ है, लेकिन बारिश का दौर अभी थमा नहीं है. मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर, नैनीताल, पौड़ी और चमोली में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.
उत्तराखंड में करीब एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को कई इलाकों में मौसम कुछ बेहतर नजर आया. हालांकि मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है.
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर, नैनीताल, पौड़ी और चमोली के कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. इन इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
देहरादून में आज कैसा रहेगा मौसम?
देहरादून में रविवार सुबह मौसम अपेक्षाकृत साफ रहा. हालांकि दिन बढ़ने के साथ आसमान में आंशिक से लेकर सामान्य रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
कुछ इलाकों में भारी बारिश के एक-दो दौर भी देखने को मिल सकते हैं.
Also Read
देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश के बाद शनिवार को देहरादून के जैंतनवाला क्षेत्र में नून नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया. तेज बहाव की चपेट में आने से एक महिंद्रा पिकअप पानी में बह गई. रामनगर के पंपापुरी क्षेत्र में भी बारिश के बाद एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया. इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. वहीं चमोली में थराली-देवाल मोटर मार्ग पर नंदकेसरी और कोठी के बीच भारी भूस्खलन के कारण रास्ता बंद हो गया था. बाद में मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया.
7 से 9 सितंबर तक इन जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 7 सितंबर को नैनीताल, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के दूसरे हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश के तेज से अति तेज दौर आने की संभावना है. कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमक सकती है.
8 सितंबर को पहाड़ी जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है. कई जगह गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज दौर आने की संभावना है. वहीं 9 सितंबर को भी पहाड़ी इलाकों में बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं.