देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. पहाड़ से लेकर मैदान तक नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं. कई जिलों में भूस्खलन, जलभराव और सड़कें बंद होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
राजधानी देहरादून में रविवार को हुई तेज बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं. रिस्पना और बिंदाल नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई स्थानों पर भू कटाव हुआ. नदी किनारे बने मकानों को नुकसान पहुंचा, जबकि कई घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों का सामान खराब हो गया. हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है.
पर्वतीय क्षेत्रों में भी बारिश का असर लगातार बना हुआ है. यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन स्थानों पर मलबा आने से यातायात बाधित हो गया. सड़क खोलने का कार्य जारी है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण राहत कार्यों में दिक्कत आ रही है. यात्रियों से फिलहाल मौसम सामान्य होने तक सावधानी बरतने की अपील की गई है.
कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग भी लगातार 36 घंटे बाद पूरी तरह बहाल नहीं हो सका है. मार्ग बंद होने के कारण यात्रा दलों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा. सीमा सड़क संगठन मार्ग को जल्द खोलने के लिए लगातार काम कर रहा है, लेकिन खराब मौसम राहत कार्यों में चुनौती बना हुआ है.
देहरादून में बारिश के दौरान एक कच्चा मकान ढह गया. वहीं बिंदाल नदी के उफान के कारण कई घरों में पानी भर गया. कई स्थानों पर बिजली के पोल और सुरक्षा पुश्तों को भी नुकसान पहुंचा है. प्रशासन और राहत दल प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. लोगों को नदी और नालों के किनारे जाने से बचने, पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा टालने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की हिदायत दी गई है. लगातार बारिश के चलते अगले कुछ दिनों तक स्थिति संवेदनशील बनी रह सकती है.
देहरादून में अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ऊधमसिंह नगर में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री और न्यूनतम 16.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि नई टिहरी में अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री और न्यूनतम 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.