उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में घूमने निकले पर्यटकों के लिए शुक्रवार का दिन दर्दनाक साबित हुआ. नैनीताल जिले के रामगढ़ क्षेत्र में भवाली से मुक्तेश्वर जा रही टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई. हादसे के बाद पहाड़ों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े.
इस भीषण दुर्घटना में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि 19 पर्यटक घायल हो गए. घायलों में पुरुषों और महिलाओं के साथ एक 10 माह का मासूम बच्चा भी शामिल है. सभी पर्यटक दिल्ली और फरीदाबाद के निवासी बताए गए हैं. गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है.
पुलिस के अनुसार टेंपो ट्रैवलर भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रही थी. मल्ला रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से लगभग एक किलोमीटर आगे पहुंचते ही चालक यश वाहन का संतुलन खो बैठा. तेज झटके के साथ वाहन पैराफिट तोड़ते हुए सीधा गहरी खाई में जा गिरा. हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
दुर्घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू कर दिया. बचाव दल पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने मानव शृंखला बनाकर एक-एक घायल को खाई से बाहर निकालने में मदद की. भारी बारिश और फिसलन के बावजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए राहत अभियान जारी रखा.
सूचना मिलते ही भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. रेस्क्यू अभियान के दौरान लगातार बारिश और खड़ी पहाड़ी के कारण जवानों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. दुर्गम इलाके में स्ट्रेचर और रस्सियों की मदद से घायलों को सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया.
सीएचसी रामगढ़ के चिकित्सा प्रभारी डॉ. प्रदीप पांडे के अनुसार 24 वर्षीय सुमित पाल सिंह की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. 26 वर्षीय प्रदीप को हल्द्वानी रेफर किया गया था, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया. वहीं वाहन के नीचे दबे अभिषेक को क्रेन की मदद से निकाला गया, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी.
हादसे में घायल 19 लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. गंभीर घायलों में मनीष, तुषार, रितिका, अंजलि, अजय, सोनिया, मिष्ठी, मयंक, यश और पायल शामिल हैं, जिनका उपचार हल्द्वानी के एसटीएच में जारी है. प्रशासन ने सभी घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते हुए उनके परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है.