menu-icon
India Daily

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून का रौद्र रूप, भूस्खलन और जलभराव का बढ़ा खतरा; IMD ने दी चेतावनी

उत्तराखंड में अगले दो से तीन दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है. पिथौरागढ़ और बागेश्वर में शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून का रौद्र रूप, भूस्खलन और जलभराव का बढ़ा खतरा; IMD ने दी चेतावनी
Courtesy: Pinterest

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर तीखे तेवर दिखा रहा है. मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. शुक्रवार को देहरादून समेत ज्यादातर इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई. मैदानी इलाकों में बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी.

भारी बारिश के कारण मैदानी इलाकों में कई सड़कें पानी में डूब गईं और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई. वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ भूस्खलन होने से आवाजाही में मुश्किलें आईं. कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया.

मौसम विभाग ने क्या जारी किया अलर्ट?

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन दोनों जिलों में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. बारिश के दौरान गरज चमक और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की आशंका जताई है.

आज कैसा रहेगा मौसम?

शनिवार को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत में भी कहीं कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है. इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज चमक के साथ तेज से अति तेज बारिश के दौर आने की संभावना है.

कल कैसा रहेगा मौसम?

रविवार को मौसम के और ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है. देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की आशंका भी जताई गई है.

शुक्रवार को बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे रहा. देहरादून में अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंतनगर में अधिकतम तापमान 29.0 और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 17.7 और न्यूनतम 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नई टिहरी में अधिकतम तापमान 21.4 और न्यूनतम 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

लोगों से क्या की गई है अपील?

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. भारी बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी नालों के आसपास जाने से बचना जरूरी है. बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर खड़े होने से भी बचना चाहिए. अगले दो से तीन दिन उत्तराखंड में मौसम की स्थिति चुनौतीपूर्ण रह सकती है.