menu-icon
India Daily

स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड के 14 पुलिस अधिकारियों को सम्मान, सेवा और साहस के लिए मिलेगा पदक

स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड में 14 अधिकारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक मिलेगा. वहीं पुलिस मुख्यालय स्तर पर 154 अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा और विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा.

KanhaiyaaZee
स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड के 14 पुलिस अधिकारियों को सम्मान, सेवा और साहस के लिए मिलेगा पदक
Courtesy: AI Generated

देहरादून: स्वतंत्रता दिवस उत्तराखंड पुलिस के उन अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए खास होने जा रहा है, जिन्होंने सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उल्लेखनीय काम किया है. राज्य सरकार ने 14 अधिकारियों के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक की घोषणा की है. इनमें आठ अधिकारियों को लंबी और सराहनीय सेवा के आधार पर, जबकि छह को विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मान मिलेगा. इसके अलावा पुलिस मुख्यालय स्तर पर 154 पुलिसकर्मियों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा.

गृह विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक रेवाधर मठपाल और पुलिस उपाधीक्षक भाष्कर लाल शाह को सेवा के आधार पर पदक दिया जाएगा. इनके अलावा त्रिवेंद्र सिंह राणा, मनीष जस्वाल, निरीक्षक गिरिबर सिंह रावत, मोहम्मद यासीन और गुल्मनायक दिनेश चंद्र भी इस श्रेणी में शामिल हैं.

विशिष्ट कार्यों के लिए छह नाम

विशिष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में निरीक्षक स्वर्गीय मनोज मनराल और उप निरीक्षक स्वर्गीय विनोद कुमार के नाम शामिल हैं. इनके साथ पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शांतनु परमार और पुलिस उपाधीक्षक मनोज असवाल को भी सम्मानित किया जाएगा. इस सूची में सेवा के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्यों को आधार बनाया गया है.

154 पुलिसकर्मियों का भी सम्मान

स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस मुख्यालय स्तर से उत्तराखंड पुलिस के कुल 154 अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मान मिलेगा. इनमें 24 कार्मिकों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क-गोल्ड, 114 को प्रशस्ति डिस्क-सिल्वर और 16 कार्मिकों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा. सम्मान पाने वालों में पुलिस मुख्यालय के अलावा जिलों और विभिन्न विशेष इकाइयों में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं.

STF से साइबर क्राइम तक नाम शामिल

सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में एसटीएफ, एसडीआरएफ, यातायात, अभिसूचना, साइबर क्राइम और पीएसी से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी भी हैं. यानी सम्मान की सूची में पुलिस विभाग की अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे कर्मियों को जगह मिली है. इससे उन पुलिसकर्मियों के काम को भी पहचान मिलेगी, जो कानून व्यवस्था के साथ बचाव, यातायात प्रबंधन, खुफिया कार्य और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

DGP ने दी सभी को बधाई

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सम्मान पाने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मान मिलने से दूसरे जवानों को भी आगे अच्छा प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी. डीजीपी ने उम्मीद जताई कि सम्मानित पुलिसकर्मी इसी प्रतिबद्धता के साथ आगे भी जनसेवा और विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहेंगे.