देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है. प्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय से खाली पड़े विभिन्न पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है. पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों, पीएसी, आईआरबी और अन्य पुलिस इकाइयों से स्वीकृत और रिक्त पदों का अद्यतन ब्यौरा मांगा है. रिपोर्ट मिलने के बाद भर्ती प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जाएगा.
सूत्रों के अनुसार पुलिस मुख्यालय प्रदेशभर में कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, उपनिरीक्षक और निरीक्षक स्तर तक के रिक्त पदों का आकलन कर रहा है. सभी जिलों और इकाइयों से अंतिम आंकड़े मिलने के बाद भर्ती एजेंसी को अधियाचन भेजा जाएगा. सरकार की कोशिश है कि चुनावी आचार संहिता लागू होने से पहले भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाए, ताकि युवाओं को जल्द रोजगार का अवसर मिल सके.
उत्तराखंड पुलिस में फिलहाल बड़ी संख्या में पद खाली हैं. प्रदेश में लगभग 29 हजार पुलिसकर्मी कार्यरत हैं, जबकि नई पुलिस इकाइयों के गठन और बढ़ती आबादी के कारण अतिरिक्त बल की जरूरत लगातार बढ़ रही है. सबसे अधिक रिक्तियां कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल के पदों पर बताई जा रही हैं. यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता महसूस की जा रही है.
विभागीय अधिकारियों के अनुसार रिक्त पदों की वास्तविक संख्या सभी जिलों से रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट होगी. इसके बाद भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा. नई भर्ती से पुलिस थानों, चौकियों और यातायात व्यवस्था में कर्मचारियों की कमी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है.
पुलिस विभाग का मानना है कि नई भर्ती से बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण, कानून व्यवस्था को मजबूत करने और यातायात प्रबंधन में सुधार लाने में मदद मिलेगी. लंबे समय से रिक्त पदों के कारण कई थानों और चौकियों में पुलिस बल की कमी बनी हुई है. ऐसे में नई भर्ती युवाओं के लिए रोजगार का अवसर होने के साथ साथ पुलिस व्यवस्था को भी मजबूती देगी.
हालांकि भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है. विभाग ने केवल रिक्त पदों का विवरण जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से जुड़ी आधिकारिक जानकारी और विज्ञापन का इंतजार करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें.