दिल्ली दौरे पर पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेल मंत्री से मुलाकात कर राज्य की रेल सुविधाओं को मजबूत बनाने से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए. उन्होंने नई ट्रेनों की मांग के साथ चल रही रेल परियोजनाओं में तेजी लाने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने पर जोर दिया.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को हाल के वर्षों में वंदे भारत समेत कई नई रेल सेवाएं मिली हैं, जिसके लिए उन्होंने रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया. उन्होंने बताया कि मुंबई में रहने वाले बड़ी संख्या में उत्तराखंड के प्रवासियों ने ऋषिकेश, देहरादून, हरिद्वार और रामनगर के लिए नई ट्रेनें चलाने की मांग रखी थी. इसी मांग को उन्होंने रेल मंत्री के सामने प्रमुखता से उठाया.
धामी ने ऋषिकेश-प्रयागराज रेल लाइन के निर्माण कार्य की समीक्षा कर उसे जल्द पूरा करने की आवश्यकता बताई. उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से राज्य और अन्य क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा. साथ ही खटीमा रेल लाइन के सर्वे का भी जिक्र किया और कहा कि स्थानीय किसानों ने एलाइनमेंट में बदलाव का सुझाव दिया है, ताकि भविष्य में जलभराव जैसी समस्या न हो.
#WATCH देहरादून (उत्तराखंड): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दौरे पर कहा, "मैंने रेल मंत्री से बहुत सारी नई रेल गाड़ियां उत्तराखंड को मिली हैं चाहे वो वंदे-भारत हमारी रेल हो या देहरादून से टनकपुर जाने वाली हो...अनेकों रेल जो शुरू हुई हैं उसका धन्यवाद किया। अभी मैं पिछले दिनों… pic.twitter.com/bgtt2cHmSd
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 10, 2026
मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ मेले को देखते हुए अतिरिक्त रेल सेवाएं शुरू करने की जरूरत पर भी बल दिया. उनका कहना था कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए समय रहते पर्याप्त ट्रेनों की व्यवस्था होनी चाहिए. उन्होंने भरोसा जताया कि रेल मंत्रालय राज्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए इन प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लेगा.