menu-icon
India Daily

चुनाव से पहले बौर जलाशय की क्यों हो रही चर्चा? CM धामी ने बताया-पर्यटन को कैसे मिलेगा बढ़ावा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा जाते समय गूलरभोज स्थित बौर जलाशय में कुछ समय बिताकर क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन किया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
चुनाव से पहले बौर जलाशय की क्यों हो रही चर्चा? CM धामी ने बताया-पर्यटन को कैसे मिलेगा बढ़ावा
Courtesy: ANI

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा जाते समय गूलरभोज स्थित बौर जलाशय में कुछ समय बिताकर क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने विधायक अरविंद पांडेय के साथ मोटर बोट से जलाशय का भ्रमण किया और यहां मौजूद पर्यटन संभावनाओं का जायजा लिया. शांत वातावरण, हरियाली और विशाल जलराशि के बीच मुख्यमंत्री का यह दौरा स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा.

मुख्यमंत्री धामी ने भ्रमण के दौरान बौर जलाशय को पर्यटन और साहसिक खेलों के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थल बताया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और बौर जलाशय इस दिशा में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर सकता है. उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को बेहतर अनुभव देने पर जोर दिया.

जल क्रीड़ा गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री और विधायक अरविंद पांडेय के बीच बौर जलाशय में प्रस्तावित जल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जलाशय में पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कैनोइंग तथा कयाकिंग प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हो चुका है. इसी अनुभव को आधार बनाकर सरकार यहां जल क्रीड़ा गतिविधियों को और व्यापक स्तर पर विकसित करने की योजना बना रही है.

नई पहचान दिलाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बौर जलाशय में प्राकृतिक संसाधनों और सुंदर वातावरण की कोई कमी नहीं है. अगर यहां आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाए तो यह क्षेत्र राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है. उन्होंने अधिकारियों को पर्यटन विकास से जुड़े प्रस्तावों पर तेजी से कार्य करने के निर्देश भी दिए.

कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

मोटर बोट पर एक साथ भ्रमण करते हुए CM धामी और विधायक अरविंद पांडेय के बीच सौहार्दपूर्ण बातचीत और उत्साह देखने को मिला. दोनों नेताओं की मौजूदगी से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह दिखाई दिया. इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, मोहन सिंह पानू, नरेंद्र कोरंगा, डीएम नितिन सिंह भदोरिया, एसएसपी अजय गणपति, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा और एसडीएम ऋचा सिंह समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.