उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है. रविवार, 7 जून को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल सकते हैं. जहां पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही का अनुमान है, वहीं मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने के साथ तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है. हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल राज्य में लू चलने जैसी स्थिति नहीं बनने वाली है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलती रहेगी.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने की आशंका है लेकिन साथ ही आसमान में आंशिक रूप से बादल भी छाए रहेंगे. बीते कुछ दिनों में हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन अब अगले कुछ दिनों में मौसम फिर गर्म होने की ओर बढ़ेगा.
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिनों में प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इसके बाद तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. रविवार को मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार कहीं-कहीं हल्की बादलों की गरज देखने को मिल सकता है. हालांकि किसी बड़े मौसमीय बदलाव या भारी बारिश की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है.
राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ क्षेत्र में दर्ज किया गया है, जहां पारा 4.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके चलते वहां अभी भी ठंड का अहसास बना हुआ है. दूसरी ओर, ऊधम सिंह नगर के खटीमा में सबसे अधिक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.