menu-icon
India Daily

अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, UKSSSC की 358 पदों की परीक्षा टली; जानें क्यों लिया गया ये फैसला

UKSSSC ने कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1 और वैयक्तिक सहायक समेत 358 पदों की 23 अगस्त को होने वाली लिखित परीक्षा स्थगित कर दी है. चलिए जानते हैं क्या है इसकी वजह.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, UKSSSC की 358 पदों की परीक्षा टली; जानें क्यों लिया गया ये फैसला
Courtesy: ChatGPT

देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी UKSSSC ने कनिष्ठ सहायक समेत न्यायालयों से जुड़े 358 पदों की लिखित प्रतियोगी परीक्षा स्थगित कर दी है. यह परीक्षा 23 अगस्त 2026 को आयोजित होनी थी. आयोग ने परीक्षा स्थगित करने का फैसला अभ्यर्थियों की मांग और प्रदेश में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए लिया है. 

परीक्षा की नई तारीख जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी. UKSSSC की ओर से कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक ग्रेड-1 और वैयक्तिक सहायक के पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जानी थी. ये पद सिविल न्यायालय और कुटुंब न्यायालय से संबंधित हैं. कुल 358 पदों के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है.

आयोग ने क्या बताया?

आयोग के अनुसार 15 जून 2026 को इन पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे. इसके बाद 25 जून को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से लिखित प्रतियोगी परीक्षा की तारीख 23 अगस्त निर्धारित की गई थी. अब निर्धारित तारीख पर परीक्षा आयोजित नहीं होगी.

परीक्षा स्थगित करने का क्या है कारण?

परीक्षा स्थगित करने का एक प्रमुख कारण इसी दिन होने वाली दूसरी महत्वपूर्ण परीक्षा है. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग हरिद्वार की ओर से 23 अगस्त को प्रवक्ता रसायन शास्त्र की लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है. कई अभ्यर्थियों ने UKSSSC को प्रत्यावेदन भेजकर बताया कि एक ही दिन दोनों परीक्षाएं होने के कारण उनके लिए दोनों में शामिल होना संभव नहीं होगा.

क्या मौसम भी है इसकी वजह?

अभ्यर्थियों की इस समस्या के अलावा मौसम भी परीक्षा स्थगित करने की बड़ी वजह बना है. मौसम विभाग ने परीक्षा की तारीख और उससे पहले के दिनों में उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है. पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण रास्तों और यातायात व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है.

आयोग ने माना कि खराब मौसम के कारण दूरदराज के पर्वतीय इलाकों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में अभ्यर्थियों को परेशानी हो सकती है. ऐसे में अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को स्थगित करना उचित माना गया.

UKSSSC के सचिव ने क्या बताया?

UKSSSC के सचिव एनएस डुंगरियाल ने परीक्षा स्थगित किए जाने की जानकारी दी है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की संशोधित तारीख बाद में जारी की जाएगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नई परीक्षा तिथि और अन्य जरूरी सूचनाओं के लिए आयोग की वेबसाइट देखते रहें. परीक्षा की नई तारीख आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित होने के बाद ही अभ्यर्थियों को आगे की तैयारी और परीक्षा संबंधी योजना बनानी चाहिए.