menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू ने बढ़ाई टेंशन, एक दिन में 25 नए मरीज मिले; स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. बुधवार को 25 नए मरीज मिलने के बाद इस साल संक्रमित मरीजों की संख्या 383 पहुंच गई है. देहरादून में सबसे ज्यादा 258 मामले सामने आए हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू ने बढ़ाई टेंशन, एक दिन में 25 नए मरीज मिले; स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
Courtesy: AI

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है. बुधवार को प्रदेश में 25 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई. इसके साथ ही इस साल अब तक सामने आए कुल मामलों की संख्या बढ़कर 383 हो गई है. इनमें से 67 मरीज फिलहाल उपचाराधीन हैं और अलग-अलग अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है. स्वास्थ्य विभाग के लिए सबसे बड़ी चिंता देहरादून को लेकर है. प्रदेश में मिले कुल मरीजों में सबसे ज्यादा 258 मामले अकेले देहरादून जिले से सामने आए हैं.

स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए बढ़ाई गई निगरानी

स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की निगरानी और जांच का दायरा बढ़ा दिया है. मरीजों की स्क्रीनिंग के साथ ही रैपिड रिस्पांस टीमों को भी सक्रिय किया गया है. किसी इलाके में संक्रमित मरीज मिलने पर संबंधित टीम मौके पर पहुंचकर उसके संपर्क में आए लोगों की जांच कर रही है. इसके साथ ही मरीज के यात्रा विवरण की भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि संक्रमण के संभावित स्रोत और संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा सके.

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के मुताबिक संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए कई टीमें लगातार काम कर रही हैं. स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि संक्रमण बड़े स्तर पर न फैले और स्थिति आउटब्रेक में न बदले.

देहरादून में डेंगू के भी बढ़ रहे मामले

स्वाइन फ्लू के साथ ही देहरादून में डेंगू के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं. बुधवार को जिले में डेंगू के पांच नए मरीज मिले. इसके बाद देहरादून में इस साल डेंगू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 145 हो गई है. इनमें 17 मरीज फिलहाल सक्रिय हैं और अलग-अलग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं. बुधवार को डेंगू से संक्रमित पाए गए सभी पांच मरीज देहरादून जिले के रहने वाले हैं. इसके अलावा जिले में चिकनगुनिया के दो नए मरीज भी सामने आए हैं. इससे स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की चिंता बढ़ गई है.

मच्छरों के प्रजनन स्थल किए जा रहे खत्म

डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें घर-घर जाकर लार्विसाइड का छिड़काव कर रही हैं. टीमों का फोकस उन जगहों को खत्म करने पर है जहां मच्छरों के प्रजनन की संभावना रहती है. अधिकारियों की ओर से लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है कि घरों और आसपास किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें. पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ जाता है और इससे डेंगू जैसी बीमारियों के प्रसार की आशंका भी रहती है.