देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विभिन्न विभागों में वैयक्तिक सहायक और आशुलिपिक समेत 101 पदों पर भर्ती निकाली है. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर 2026 से शुरू होगी. इच्छुक अभ्यर्थी 14 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे. आवेदन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन होंगे. आयोग ने दस्तावेज अपलोड करने से लेकर आवेदन में संशोधन और लिखित परीक्षा की तारीख से जुड़ी जानकारी भी जारी की है.
UKSSSC की भर्ती में वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-3 और आशुलिपिक ग्रेड-2 या स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 के पद शामिल हैं. कुल 101 रिक्त पदों को सीधी भर्ती के जरिए भरा जाएगा. इनमें आवास विभाग में वैयक्तिक सहायक के 22 पद सबसे ज्यादा हैं. इसके अलावा उत्तराखंड वन विकास निगम में 10, आयुक्त कुमाऊं मंडल और ग्राम्य विकास विभाग में 8-8 पद हैं.
स्टाम्प एवं निबंधन विभाग में 7, उच्च शिक्षा विभाग में 6 और उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में 5 पद रखे गए हैं. अलग-अलग विभागों में पदों की संख्या अलग है. इसलिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को भर्ती की विस्तृत जानकारी और अपनी पात्रता जरूर देखनी चाहिए. आयोग ने आवेदन प्रक्रिया से जुड़े जरूरी दस्तावेजों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं.
आयोग के सचिव एनएस डुगरियाल के अनुसार आवेदन पत्र के साथ हाईस्कूल प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड की आगे और पीछे की छायाप्रति अपलोड करना जरूरी होगा. इससे अभ्यर्थी के नाम और जन्मतिथि का सत्यापन किया जाएगा. आरक्षण का लाभ लेने वाले उम्मीदवारों को संबंधित श्रेणी का प्रमाण-पत्र भी देना होगा. जिन पदों के लिए अनुभव जरूरी है, वहां संबंधित अनुभव प्रमाण-पत्र अपलोड करना भी अनिवार्य रहेगा.
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू होकर 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. आवेदन जमा करने के बाद अभ्यर्थियों को गलती सुधारने का भी अवसर मिलेगा. आयोग की वेबसाइट पर आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा 17 से 19 अक्टूबर तक उपलब्ध रहेगी. इसलिए उम्मीदवार आवेदन भरते समय सभी जानकारी ध्यान से दर्ज करें और अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें.
आयोग ने लिखित परीक्षा की अनंतिम तारीख 20 दिसंबर 2026 तय की है. हालांकि परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव संभव होने की स्थिति में अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर जारी अपडेट देखते रहना होगा. आवेदन या भर्ती से जुड़ी किसी परेशानी के लिए आयोग ने टोल फ्री नंबर 9520991172 और वाट्सऐप नंबर 9520991174 जारी किया है. उम्मीदवार इन माध्यमों से जरूरी सहायता ले सकते हैं.