menu-icon
India Daily

दर्द से तड़पती रही महिला, मौत के बाद श्मशान में मिला ऐसा सामान कि परिवार के उड़े होश!

पंजाब के नाभा में महिला की मौत के बाद कथित तौर पर श्मशान की राख में सर्जिकल औजार मिलने का मामला सामने आया है. परिवार का आरोप है कि बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान महिला के शरीर में स्टील जैसी चार पत्तियां छोड़ दी गई थीं.

babli
Edited By: Babli Rautela
दर्द से तड़पती रही महिला, मौत के बाद श्मशान में मिला ऐसा सामान कि परिवार के उड़े होश!
Courtesy: AI

पंजाब के नाभा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां बच्चेदानी के ऑपरेशन के कुछ दिनों बाद एक महिला की मौत हो गई. परिवार का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला के शरीर के अंदर सर्जिकल सामान रह गया था. महिला की अंतिम क्रिया के बाद जब परिवार श्मशान घाट से अस्थियां लेने पहुंचा, तो उन्हें राख में स्टील जैसी चार पत्तियां मिलीं. परिवार ने इन सामान को लेकर डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. वहीं मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

27 अगस्त को हुआ था ऑपरेशन

मामला नाभा के गांव मैहस का बताया जा रहा है. गांव निवासी सोभा सिंह के मुताबिक उन्होंने 27 अगस्त को अपनी पत्नी बलजीत कौर का बच्चेदानी का ऑपरेशन कराया था. यह ऑपरेशन नाभा के सर्कुलर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में हुआ था. परिवार का कहना है कि ऑपरेशन के बाद से ही बलजीत कौर को लगातार पेट में दर्द की शिकायत रही. इसके अलावा उनकी खांसी भी ठीक नहीं हो रही थी. कुछ दिनों बाद उनकी मौत हो गई.

अस्थियां लेने पहुंचे तो राख में मिलीं स्टील जैसी चीजें

महिला की मौत के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार किया. इसके बाद जब परिजन श्मशान घाट पर अस्थियां लेने पहुंचे, तो उन्हें राख में स्टील की चार पत्तियों जैसी चीजें दिखाई दीं. परिवार ने इन वस्तुओं को अपने परिचित एक डॉक्टर को दिखाया. परिवार के अनुसार, डॉक्टर ने उन्हें बताया कि ये ऑपरेशन के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले सर्जिकल सामान हो सकते हैं.

इसके बाद मृतका के पति, गांव के सरपंच और अन्य ग्रामीणों ने ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. उनका दावा है कि ऑपरेशन के दौरान ये स्टील जैसी चार वस्तुएं महिला के शरीर के अंदर रह गई थीं और इसी वजह से उसकी तबीयत बिगड़ती गई.

परिवार ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने थाना सदर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. परिवार ने पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. थाना सदर से एएसआई राजिंदर सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

थाना सदर के एसएचओ जसप्रीत सिंह ने भी मामले की जांच किए जाने की पुष्टि की है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला की मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और श्मशान की राख में मिले सामान का ऑपरेशन से कोई संबंध था या नहीं.