उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है. इसके तहत मतदाता सूची में एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों की पहचान कर उनकी जांच की जाएगी. मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान की प्रगति की जानकारी दी.
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम अलग-अलग स्थानों की मतदाता सूचियों में दर्ज हैं, उन्हें डेमोग्राफिकली सिमिलर एंट्री (DSE) तकनीक के जरिए चिह्नित किया जा रहा है. इसके बाद नियमों के अनुसार प्रत्येक मामले की जांच होगी. जांच में दोहरे नाम की पुष्टि होने पर नियमानुसार उसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी.
डॉ. पुरुषोत्तम ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करें. नाम, पता या अन्य व्यक्तिगत विवरण में गलती होने पर फॉर्म-8 भरवाने में मदद करें. उन्होंने कहा कि दावे और आपत्तियां दर्ज करने की निर्धारित अवधि तक सुधार की प्रक्रिया जारी रहेगी.
निर्वाचन विभाग की ओर से साझा आंकड़ों के मुताबिक, 12 नवंबर 2026 से शुरू हुए अभियान में अब तक करीब 1.01 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं.
- फॉर्म-6: नए मतदाता पंजीकरण के लिए करीब 50,000 आवेदन.
- फॉर्म-7: मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए करीब 8,000 आवेदन.
- फॉर्म-8: नाम, पता और अन्य विवरणों में सुधार के लिए करीब 43,000 आवेदन.
निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए कार्यक्रम भी निर्धारित किया है.
- दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि: 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक.
- दावे और आपत्तियों का निस्तारण: 28 दिसंबर 2026 तक.
- अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 4 जनवरी 2027.
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी मौजूद रहे. राजनीतिक दलों की ओर से भाजपा के राजकुमार पुरोहित और अरविंद जैन, कांग्रेस के मनोज रावत, बसपा के सतेंद्र सिंह, आम आदमी पार्टी के सीपी सिंह और सीपीआई (एम) के अनंत आकाश ने हिस्सा लिया.