देहरादून: उत्तराखंड में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रदेश के विकास, कर्मचारियों के हितों, स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. कैबिनेट के फैसलों में सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो साल की राजकीय सेवा अनिवार्य करने, सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में बढ़ोतरी और विभिन्न विभागों में नए पदों के सृजन जैसे महत्वपूर्ण निर्णय शामिल रहे.
कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों के अनुसार, उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक पद स्वीकृत किया गया है. वहीं, उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली को विस्तार देते हुए सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन का रास्ता साफ किया गया है. इससे सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी.
स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े प्रस्तावों पर भी कैबिनेट ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए. कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ईएसआई) के तहत अब बी फार्मा को भी शामिल करने की मंजूरी दी गई है. इससे पहले इस योजना के अंतर्गत केवल डी फार्मा को ही अनुमन्य किया गया था.
इसके अलावा चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में एक्स-रे तकनीशियन सेवा नियमावली को मंजूरी प्रदान की गई. सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों को लेकर भी सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है. अब ऐसे चिकित्सकों के साथ सरकार दो साल का बॉन्ड करेगी और उन्हें अपनी पीजी की पढ़ाई पूरी करने के बाद अनिवार्य रूप से दो साल तक राजकीय सेवा देनी होगी. इस फैसले का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है.
वहीं, उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजना के रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के बेहतर संचालन और रखरखाव को मजबूती मिलने की संभावना है.
बैठक में उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग के अंतर्गत सेतु आयोग के ढांचे को मंजूरी दी गई. इसके साथ ही आबकारी विभाग में 11 नए पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान की गई है. राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बड़े बदलाव की तैयारी भी शुरू कर दी गई है. इस संबंध में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है, जो नियमावली में आवश्यक बदलावों को लेकर विचार करेगी.
इसके अलावा नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) को राज्य में कार्य करने की सूचीबद्धता से हटाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई.
कैबिनेट बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. इस मामले में मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है. यानी मानदेय में बढ़ोतरी से संबंधित अंतिम निर्णय लेने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री को सौंपी गई है. इससे प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मानदेय वृद्धि की उम्मीद जगी है. वहीं, विधानसभा सत्र के सत्रावसान को भी कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान की.
शुक्रवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगी. बैठक में सामाजिक सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, ग्रामीण पेयजल, चीनी मिलों, आबकारी विभाग और प्रशासनिक ढांचे से जुड़े फैसले लिए गए. सरकार के इन निर्णयों को प्रदेश की व्यवस्थाओं को मजबूत करने और विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कैबिनेट के फैसलों पर अब संबंधित विभागों की ओर से शासनादेश जारी किए जाने के बाद इनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.