रूड़की: दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग की गई. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में पति ने दूसरा निकाह कर लिया. इतना ही नहीं, विवाहिता ने तीन तलाक बोलकर रिश्ता खत्म करने और परिवार के अन्य सदस्यों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता के अनुसार, उसका निकाह जून 2022 में मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था. परिवार ने शादी में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे. आरोप है कि कुछ समय बाद पति, सास और दोनों जेठ ने बुलेट मोटरसाइकिल की जगह क्रेटा कार और 10 लाख रुपये नकद की मांग शुरू कर दी. मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा.
विवाहिता का कहना है कि दिसंबर 2025 में पति ने मेरठ की एक युवती से अपने संबंध होने की बात स्वीकार की. जब उसने इसका विरोध किया और परिवार से शिकायत की, तो पति ने कथित रूप से सबके सामने तीन तलाक बोलकर रिश्ता खत्म कर दिया. पीड़िता का दावा है कि बाद में मिले दस्तावेजों से जनवरी 2024 में दूसरे निकाह की जानकारी भी सामने आई.
शिकायत में विवाहिता ने आरोप लगाया है कि उसके दोनों जेठ उस पर गलत नजर रखते थे. उसने दावा किया कि 11 जून 2026 को दोनों ने उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया. घटना के बाद उसने अपने भाई को सूचना दी, जिसके बाद उसे मायके ले जाया गया. इसके बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ.
पीड़िता ने सूचना के अधिकार के तहत जानकारी प्राप्त की. उसका कहना है कि जुलाई 2026 में मिले दस्तावेजों से पता चला कि पति ने पहले से दूसरा निकाह कर रखा था. आरोप है कि विवाह पंजीकरण के दौरान पति और दूसरी महिला ने इसे अपना पहला निकाह बताकर गलत जानकारी भी दी.
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी, तीन तलाक और अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.