menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में पांच दिन से बारिश का दौर जारी, 5 जिलों में यलो अलर्ट; 107 सड़कें बंद

उत्तराखंड में लगातार पांचवें दिन बारिश से मुश्किलें बढ़ गई हैं. मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में यलो अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
उत्तराखंड में पांच दिन से बारिश का दौर जारी, 5 जिलों में यलो अलर्ट; 107 सड़कें बंद
Courtesy: ANI

उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते पिछले पांच दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने आज देहरादून, टिहरी, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है.

मौसम विभाग के देहरादून केंद्र के अनुसार, राज्य के अन्य हिस्सों में भी तेज से अति तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं. बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. इसके अलावा नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका भी जताई गई है. 

24 घंटे में कई इलाकों में जोरदार बारिश

देहरादून और आसपास के कई क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश दर्ज की गई. बारिश के कारण कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है. राज्य में इस समय कुल 107 सड़कें बंद हैं. इनमें एक राष्ट्रीय राजमार्ग, दो राज्य राजमार्ग, 17 लोक निर्माण विभाग की सड़कें और 87 पीएमजीएसवाई तथा ग्रामीण विकास विभाग की सड़कें शामिल हैं. प्राकृतिक आपदाओं के चलते अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है.

वहीं अगर आज की बात करें तो राजधानी देहरादून में आसमान आंशिक से सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है. शहर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने बांधों और बैराजों से पानी का बहाव बढ़ने की आशंका जताई है. इसके चलते प्रमुख नदियों और सहायक नदियों का जलस्तर भी बढ़ सकता है.

पिथौरागढ़ में पुल टूटने से संपर्क प्रभावित

पिथौरागढ़ में बुधवार को पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से सीमा सड़क संगठन का कुलागाड़ वैली पुल टूट गया था. इससे चीन सीमा की ओर जाने वाले मार्ग के साथ व्यास, दारमा और चौदास घाटियों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ. लगातार बारिश और नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के काम में भी परेशानी आ रही है. 22 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है. 23 अगस्त को टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश की आशंका है. वहीं, 24 अगस्त को भी मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.