देश के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज होने से शुक्रवार, 21 अगस्त को मौसम का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने 23 राज्यों में भारी बारिश के साथ कई इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की भी संभावना जताई है.
उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र तथा चक्रवातीय परिसंचरण के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. पूर्वी भारत के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली और गरज-चमक भी परेशानी बढ़ा सकती है. कुछ राज्यों में ओले गिरने की आशंका भी जताई गई है.
दिल्ली में 21 अगस्त को भारी बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है. हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा झांसी और बिजनौर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट है. बिहार के गया, पटना, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और खगड़िया में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. झारखंड के धनबाद, देवघर, रांची, बोकारो, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है.
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश और अल्मोड़ा में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. देहरादून में तापमान 29 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हिमाचल प्रदेश में 21 और 22 अगस्त को बिलासपुर, शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम, अनंतनाग, कठुआ, पुंछ, जम्मू, बारामूला और रियासी में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है.
पंजाब के अमृतसर, जालंधर, पटियाला, संगरूर, पठानकोट, बठिंडा, गुरदासपुर और लुधियाना में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. राजस्थान के जयपुर, श्रीगंगानगर, बांसवाड़ा और भरतपुर में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. मध्य प्रदेश में शिवपुरी, गुना, भोपाल, विदिशा, सागर, ग्वालियर, दमोह, रायसेन, मंदसौर और नीमच में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. हवा 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती है.