President Droupadi Murmu Uttarakhand Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर 12 जून को देहरादून पहुंचेंगी. वह भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में होने वाले पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. इस कार्यक्रम में वे 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स के नव-कमीशन प्राप्त अधिकारियों को संबोधित करेंगी.
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर देहरादून प्रशासन और पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है. सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है. 13 जून को IMA परेड का निरीक्षण करने के बाद राष्ट्रपति वापस लौटेंगी.
राष्ट्रपति के आने के कारण देहरादून में यातायात पर असर पड़ेगा. ट्रैफिक पुलिस ने दोनों दिनों के लिए अलग-अलग डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है. दूसरे शनिवार होने के कारण पर्यटकों की भीड़ भी बढ़ने की संभावना है, इसलिए आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए पहले से प्लान तैयार किया गया है.
ऋषिकेश और भानियावाला की ओर से आने वाली गाड़ियां रानीपोखरी, भोगपुर, थानो रोड, छह नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक होते हुए शहर में प्रवेश करेंगी.
मसूरी जाने वाले वाहन छह नंबर पुलिया से सहस्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर मार्ग से मसूरी भेजे जाएंगे.
हरिद्वार से आने वाली गाड़ियां भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक, दूधली मार्ग, कारगी चौक होते हुए देहरादून शहर में प्रवेश करेंगी.
हरिद्वार की ओर से मसूरी जाने वाले वाहनों को आईएसबीटी, शिमला बाइपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला मार्ग से भेजा जाएगा.
13 जून को पासिंग आउट परेड के दिन आठ जगहों पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा. पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे अपने मार्ग की पहले से जानकारी ले लें और जरूरी काम निपटाने के बाद ही घर से निकलें.
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान देहरादून में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. बिना अनुमति के किसी भी व्यक्ति द्वारा ड्रोन उड़ाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
देहरादून प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति के स्वागत के लिए शहर को खूबसूरती से सजाया जा रहा है. IMA में भी परेड की रिहर्सल चल रही है. यह दौरा युवा अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक होगा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का IMA पासिंग आउट परेड में शामिल होना गौरव की बात मानी जा रही है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुरक्षा बलों को सहयोग दें ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके.