देहरादून: देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित हिमालय सांस्कृतिक केंद्र में प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस का आयोजन उत्साह के साथ किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसानों के खातों में भेजी गई पीएम-किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त का वर्चुअल प्रसारण देखा. मुख्यमंत्री ने इसे किसानों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए प्रदेश के अन्नदाताओं को शुभकामनाएं दीं.
कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि देशभर के लगभग 10 करोड़ किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किए गए. उत्तराखंड में 8 लाख से अधिक किसानों को 159 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता राशि मिली. सरकार का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई.
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2019 में प्रदेश में योजना के लाभार्थियों की संख्या करीब 4 लाख थी. अब यह आंकड़ा बढ़कर 8 लाख से अधिक हो गया है. उन्होंने इसे किसानों तक योजनाओं की प्रभावी पहुंच और सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया.
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि किसानों की आय वृद्धि के मामले में उत्तराखंड देश में अग्रणी स्थान पर है. उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा जवान करते हैं, जबकि खाद्य सुरक्षा किसानों की मेहनत से सुनिश्चित होती है. इसलिए कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.
धामी ने बताया कि नहरों से सिंचाई को निशुल्क किया गया है और किसानों की आय बढ़ाने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं. पॉलीहाउस निर्माण, रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट, फल उत्पादन नीतियां और मिलेट मिशन जैसी योजनाओं के जरिए कृषि क्षेत्र को नई दिशा दी जा रही है.
मुख्यमंत्री ने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेकर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं. कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान भी मौजूद रहे.