प्रसिद्ध कवि और वक्ता कुमार विश्वास की लंबे समय से कैंची धाम आने की इच्छा थी, जो शनिवार को पूरी हुई. वे पत्नी के साथ अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर स्थित नीब करौरी आश्रम पहुंचे और बाबा के चरणों में शीश झुकाया. उनके पहुंचने की खबर फैलते ही मंदिर के मुख्य द्वार पर प्रशंसकों की भीड़ जमा हो गई.
कुमार विश्वास ने कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी के दर पर मत्था टेका और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए ध्यान लगाया. उन्होंने देश और प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की. इस दौरान उन्होंने मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू से बाबा की लीलाओं के बारे में जानकारी ली. प्रबंधक ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और बाबा से जुड़ी एक खास किताब भी भेंट की. कुमार विश्वास ने कहा कि बाबा के आशीर्वाद से ही आज उनकी यह दिली इच्छा पूरी हो सकी, जो काफी समय से मन में थी.
जैसे ही खबर फैली कि कुमार विश्वास कैंची धाम पहुंचे हैं, मंदिर के मुख्य द्वार पर उनके चाहने वालों की भीड़ इकट्ठा हो गई. कुमार विश्वास ने अपने स्वभाव के अनुसार किसी को भी निराश नहीं किया. उन्होंने सभी प्रशंसकों से बेहद आत्मीयता और प्यार के साथ मुलाकात की. यह पल उनके फैंस के लिए किसी खास तोहफे से कम नहीं था, उन्हें अपने पसंदीदा कवि को इस पवित्र धाम में देखने का मौका मिला.
कैंची धाम की यह यात्रा कुमार विश्वास के लिए सिर्फ एक धार्मिक यात्रा नहीं. उनके मन की एक गहरी चाहत का पूरा होना था. बाबा नीब करौरी के भक्तों की लंबी सूची में अब कुमार विश्वास का नाम भी जुड़ गया है. देश-दुनिया में बाबा के लाखों भक्त हैं और अब इस प्रसिद्ध कवि का यहां आना इस धाम की महिमा को और भी चर्चा में ले आएगा.