menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में कृषि क्रांति की तैयारी, 100 करोड़ के क्लीन प्लांट सेंटर पर लगी मुहर; कृषि मंत्री शिवराज ने दी बड़ी सौगात

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड के लिए 100 करोड़ रुपये के क्लीन प्लांट सेंटर समेत कई कृषि और बागवानी परियोजनाओं की घोषणा की. जानिए किसानों को क्या-क्या मिलेगा.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
उत्तराखंड में कृषि क्रांति की तैयारी, 100 करोड़ के क्लीन प्लांट सेंटर पर लगी मुहर; कृषि मंत्री शिवराज ने दी बड़ी सौगात
Courtesy: @pushkardham

उत्तराखंड के कृषि और बागवानी क्षेत्र को नई रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार ने कई बड़ी योजनाओं का ऐलान किया है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा करते हुए किसानों को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर उत्पादन से जोड़ने का भरोसा दिया. रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मुक्तेश्वर में 100 करोड़ रुपये की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित करने की घोषणा की. साथ ही कई नई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया. सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से कृषि, बागवानी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी.

मुक्तेश्वर में बनेगा 100 करोड़ का क्लीन प्लांट सेंटर

केंद्रीय कृषि मंत्री ने घोषणा की कि मुक्तेश्वर में 100 करोड़ रुपये की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर बनाया जाएगा. इस केंद्र में सेब, अखरोट और बादाम जैसी फसलों के उच्च गुणवत्ता वाले पौधे तैयार किए जाएंगे. इसका उद्देश्य किसानों को बेहतर पौध सामग्री उपलब्ध कराना और राज्य में बागवानी उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ाना है.

करोड़ों की परियोजनाओं को मिली हरी झंडी

कार्यक्रम के दौरान 46.32 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नौ विकास योजनाओं का उद्घाटन किया गया. वहीं 323.34 करोड़ रुपये के 32 नए विकास कार्यों का शिलान्यास भी हुआ. केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड को देश का प्रमुख हॉर्टिकल्चर हब बनाने के लिए केंद्र सरकार हर संभव सहयोग देगी.

चौबटिया और कीवी उत्पादन पर भी बड़ा फोकस

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि अल्मोड़ा के चौबटिया में 15 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा. इसके अलावा राज्य में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए न्यूजीलैंड के सहयोग से 15 करोड़ रुपये का विशेष एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है, जिससे किसानों को आधुनिक तकनीक का लाभ मिलेगा.

किसानों के लिए फेंसिंग, नर्सरी और मौसम की सुविधा

किसानों की सुरक्षा और उत्पादन बढ़ाने के लिए कई वित्तीय सहायता योजनाओं की भी घोषणा की गई. बड़ी नर्सरी लगाने वालों को 4 करोड़ रुपये और छोटी नर्सरी के लिए 2 करोड़ रुपये तक की सहायता मिलेगी. जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए 65 करोड़ रुपये की फेंसिंग योजना शुरू होगी, जबकि 104 करोड़ रुपये से ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन लगाए जाएंगे.

मिट्टी बचाने का दिया संदेश

कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मिट्टी सुरक्षित रहेगी तभी खेती और मानव जीवन सुरक्षित रहेगा. उन्होंने किसानों से उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने और मृदा संरक्षण अपनाने की अपील की. इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वस्थ मिट्टी और मजबूत कृषि व्यवस्था ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी.