स्वतंत्रता दिवस पर चेकिंग के दौरान कोटद्वार में बड़ी कार्रवाई, 2 किलो से ज्यादा चरस के साथ युवक गिरफ्तार
कोटद्वार पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में 2.046 किलोग्राम चरस के साथ सुनील देवरानी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने चरस के परिवहन में इस्तेमाल कार को भी सीज किया है.
कोटद्वार: कोटद्वार पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 2.046 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान सोनी उर्फ सुनील देवरानी निवासी कोटद्वार के रूप में हुई है. पुलिस ने चरस के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया है.
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए कोटद्वार पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है. इसी क्रम में कोटद्वार कोतवाली पुलिस, एएनटीएफ और सीआईयू की संयुक्त टीम ने थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया. अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही थी.
पुलिस को कैसे हुआ शक?
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. टीम ने उसे रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.046 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. बरामद चरस को कब्जे में लेने के साथ ही उसके परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया.
Also Read
क्या लिया गया एक्शन?
पुलिस के अनुसार इस मामले में आरोपी के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है. जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी के पास चरस कहां से आई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सुनील देवरानी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. उसके खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, बलात्कार, जबरन वसूली, आर्म्स एक्ट, बलवा, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट सहित अलग अलग मामलों में कुल 21 मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और वर्तमान मामले के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है.
पुलिस का क्या है कहना?
स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा. इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की अहम कार्रवाई माना जा रहा है.