menu-icon
India Daily

केदारनाथ जाने वालों के लिए बड़ी खबर, आज से खुलेगा हेली सेवा टिकट बुकिंग का पोर्टल; नोट करें समय

केदारनाथ धाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है. केदारनाथ हेली सेवा के दूसरे चरण की टिकट बुकिंग आज से शुरू होने जा रही है. आईआरसीटीसी की ओर से 16 से 25 जून तक की यात्रा के लिए पोर्टल दोपहर तीन बजे खोला जाएगा.

babli
Edited By: Babli Rautela
केदारनाथ जाने वालों के लिए बड़ी खबर, आज से खुलेगा हेली सेवा टिकट बुकिंग का पोर्टल; नोट करें समय
Courtesy: Social Media

चारधाम यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. केदारनाथ हेली सेवा के दूसरे चरण की टिकट बुकिंग बुधवार से शुरू होने जा रही है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा के जरिए बाबा केदार के दर्शन करना चाहते हैं, ऐसे में इस बुकिंग का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था. आईआरसीटीसी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर दूसरे चरण की बुकिंग की सूचना जारी कर दी है. इसके अनुसार श्रद्धालु 16 जून से 25 जून तक की यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुक करा सकेंगे.

दोपहर 3 बजे खुलेगा बुकिंग पोर्टल

हेली सेवा टिकट बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी की ओर से पोर्टल दोपहर 3 बजे खोला जाएगा. जैसे ही पोर्टल खुलेगा, श्रद्धालु ऑनलाइन टिकट बुकिंग की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे. पिछले अनुभवों को देखते हुए माना जा रहा है कि टिकटों की मांग काफी ज्यादा रहने वाली है. ऐसे में श्रद्धालुओं को पहले से आवश्यक दस्तावेज और यात्रा संबंधी जानकारी तैयार रखने की सलाह दी गई है ताकि बुकिंग के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो.

पहले चरण में एक घंटे में भर गई थीं सभी सीटें

इससे पहले अप्रैल महीने में केदारनाथ हेली सेवा के पहले चरण की बुकिंग की गई थी. उस समय 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा अवधि के लिए टिकट जारी किए गए थे. श्रद्धालुओं की भारी मांग के चलते बुकिंग शुरू होने के कुछ ही समय बाद सभी टिकटें बुक हो गई थीं. जानकारी के अनुसार करीब एक घंटे के भीतर अधिकांश सीटें भर गई थीं. इसी वजह से दूसरे चरण की बुकिंग को लेकर भी लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है.

हेलीकॉप्टर सेवा से आसान होती है यात्रा

केदारनाथ धाम तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लंबी पैदल यात्रा करनी पड़ती है. ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे यात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा एक सुविधाजनक विकल्प बनकर सामने आती है. हेली सेवा के जरिए कम समय में सुरक्षित और आरामदायक तरीके से केदारनाथ धाम पहुंचा जा सकता है. यही कारण है कि हर वर्ष इस सेवा की टिकटों की मांग तेजी से बढ़ रही है.

हेली टिकट बुकिंग के दौरान श्रद्धालुओं को यात्रा पंजीकरण, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने चाहिए. बुकिंग शुरू होते ही वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक आने की संभावना रहती है, इसलिए समय पर लॉग इन करना महत्वपूर्ण होगा. चारधाम यात्रा के बीच केदारनाथ हेली सेवा की यह बुकिंग हजारों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है. जो यात्री 16 से 25 जून के बीच बाबा केदार के दर्शन की योजना बना रहे हैं, उनके लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है.