menu-icon
India Daily

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किया हवाई हमला, 11 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. पाकिस्तानी सेना के लड़ाकू विमानों ने रात के अंधेरे में अफगानिस्तान की सीमा में घुसकर आम लोगों के घरों पर बम गिराए.

Shilpa Shrivastava
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किया हवाई हमला, 11 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत
Courtesy: X (@MarioNawfal)

नई दिल्ली: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. पाकिस्तानी सेना के लड़ाकू विमानों ने रात के अंधेरे में अफगानिस्तान की सीमा में घुसकर आम लोगों के घरों पर बम गिराए. बता दें कि पाकिस्तानी फौज के जहाजों ने अफगानिस्तान के तीन बड़े प्रांतों कुनार, खोस्त और पक्तिका के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया. 

कुनार, खोस्त और पक्तिका में रहने वाले सीधे-साधे लोगों के घरों पर जमकर बमबारी की गई, जिससे कई घर पूरी तरह बर्बाद हो गए. इस बमबारी में कुल 13 लोग मारे गए, जिनमें सबसे ज्यादा मासूम बच्चे थे. जिन लोगों की मौत हुई उनमें 11 मासूम बच्चे, 1 महिला और 1 बुजुर्ग शामिल हैं. 

14 लोग बुरी तरह घायल:

पाक सेना की तरफ से किए गए हमलों में 14 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी हैं. घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती किया गया है और कइयों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. सोशल मीडिया पर हमले के बाद की दर्दनाक तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें घायल बच्चों को देखा जा सकता है.

अफगानिस्तान ने क्या कहा?

अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान की आजादी और संप्रभुता को खुलेआम रौंदा है.

जबीउल्लाह मुजाहिद ने इसे एक अमानवीय अपराध बताया और कहा कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सीधा उल्लंघन है. अफगानिस्तान ने दुनिया के सामने इस जुल्म की पुरजोर निंदा की है. यह घटना दोनों देशों के बीच पहले से चले आ रहे तनाव को और भड़का सकती है.